दरभंगा जिले के सभी प्रखंडों में 25 जागरूकता रथ के द्वारा निरंतर दो पालियों में संवाद कार्यक्रम लगातार आयोजित किया जा रहा है जिसमें महिलाओं की संख्या और उत्साह भी बढ़त जा रहा है इसी क्रम में 27वें दिन किरतपुर प्रखंड के जमालपुर पंचायत अंतर्गत नारी उत्थान ग्राम संगठन द्वारा महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति ने यह सिद्ध कर दिया कि यह कार्यक्रम अब महज एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं का जनांदोलन बन चुका है।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ की गई। इसके पश्चात माननीय मुख्यमंत्री द्वारा जारी संवाद पत्र का वाचन किया गया। महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और योजनाओं पर आधारित वीडियो क्लिप्स एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रदर्शित की गईं। उपस्थित महिलाओं ने अपनी-अपनी समस्याएं साझा कीं तथा उनके समाधान हेतु ठोस सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम में बीपीएम कृष्णदेव ठाकुर, जिला स्तर से सूक्ष्म वित्त प्रबंधक सुबीर झा और संचार प्रबंधक राजा सागर की विशेष उपस्थिति रही। इन अधिकारियों ने महिलाओं से संवाद स्थापित किया, उनकी जमीनी समस्याएं सुनीं और जीविका के माध्यम से उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए सुझाव दिए। बीपीएम श्री ठाकुर ने बताया कि यह संवाद कार्यक्रम महिलाओं को आत्मविश्वासी और जागरूक नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित कर रहा है, वहीं सूक्ष्म वित्त प्रबंधक श्री झा ने इसे एक जनांदोलन की संज्ञा दी, जो कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त पहल है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने विशेष रूप से जो समस्याएं रखीं, उनमें बाढ़, बेरोजगारी, सड़क, नाला, बिजली और जलजमाव जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी प्रमुख थीं। इन समस्याओं के समाधान के लिए महिलाओं ने अपनी आकांक्षाएं भी स्पष्ट रूप से रखीं। उनमें प्रमुख थीं – मजबूत बांध और सड़क निर्माण, सस्ती बिजली और सौर ऊर्जा की व्यवस्था, प्रौढ़ महिला शिक्षा, जलीय कृषि प्रशिक्षण व पौधों की उपलब्धता, स्थायी जीविका हाट निर्माण, जल शुद्धिकरण यंत्र, पशु चिकित्सा केंद्र, और कंगन सीएलएफ के लिए भवन निर्माण जैसी मांगे।
महिलाओं ने यह भी साझा किया कि सरकारी योजनाओं के लाभ से उनके जीवन में बदलाव आया है उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने खुद के छोटे व्यवसाय जैसे – दुकान, सब्जी विक्रय, सिलाई, बकरी पालन, हस्तशिल्प आदि शुरू किए हैं जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिली है। उनके सफल प्रयासों ने अन्य महिलाओं को भी प्रेरित किया है।
दरभंगा जिले के 18 प्रखंडों में 25 महिला संवाद रथ चल रहे हैं जो गाँव-गाँव जाकर योजनाओं की जानकारी पहुँचा रहे हैं। इन रथों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से योजनाओं की जानकारी सरल और प्रभावी रूप में दी जा रही है। इसके अतिरिक्त, महिलाओं के बीच विभिन्न योजनाओं से संबंधित पंपलेट्स और लीफलेट्स भी वितरित किए जा रहे हैं ताकि वे स्वयं आवेदन कर सकें और लाभ ले सकें।
इस आयोजन को सफल बनाने में जीविका टीम के एसी श्री संजय कुमार मिश्रा, सीसी विजय कुमार, आशीष कुमार, संतोष कुमार, दीपेन्द्र कुमार, अजीत कुमार, तथा जीविका दीदियाँ पिंकी कुमारी, उषा कुमारी, ममता कुमारी, पूनम देवी, झुनीया देवी और पिंकी देवी ने सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में सभी ने सामाजिक कुरीतियों व भेदभाव के खिलाफ शपथ लेकर जीविकोपार्जन की दिशा में कार्य करते हुए अपने परिवार व समाज को आगे बढ़ते हुए आदर्श ग्राम स्थापित करने का दृढ़ संकल्प ली।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal