“दरभंगा शहर विधानसभा 83 में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर संदेह है, SIR के नाम पर बड़े पैमाने पर धांधली की गई है।” – डॉ. जमाल हसन
“मतदाता की पहचान का सबसे मजबूत आधार मकान संख्या होता है, लेकिन आयोग ने इसे ही ध्वस्त कर दिया है।” – डॉ. जमाल हसन

आज दरभंगा शहर विधानसभा क्षेत्र 83 में चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के नेशनल कोऑर्डिनेटर डॉ. जमाल हसन ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने लालबाग मुख्य मार्ग पर जनता के सामने बीच सड़क पर मीडिया के साथियों के सामने चुनाव आयोग द्वारा 1 सितंबर 2025 को जारी वोटर लिस्ट हाथ में लेकर कहा कि आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर संदेह है। दरभंगा शहर में चुनाव आयोग के अधिकारियों ने SIR (Special Revision of Electoral Rolls) के नाम पर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर धांधली की है।
डॉ. जमाल हसन ने बताया कि मतदाता सूची में फर्जी नाम जोड़कर और मकान संख्या से छेड़छाड़ कर चुनाव प्रक्रिया की पवित्रता पर चोट की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दरभंगा शहर विधानसभा के बूथ संख्या 138 पर 87 मतदाताओं का मकान संख्या “0” दर्ज है। यह स्थिति न केवल हास्यास्पद है बल्कि मतदाता की पहचान को ही संदिग्ध बना देती है। उन्होंने कहा कि मतदाता की पहचान का सबसे मजबूत आधार मकान संख्या होता है, लेकिन आयोग ने इसे ही ध्वस्त कर दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि बूथ संख्या 170 पर तो स्थिति और भी गंभीर है। यहाँ मकान संख्या 1 पर 93 मतदाता, मकान संख्या 5 पर 112 मतदाता, मकान संख्या 8 पर 93 मतदाता और मकान संख्या 10 पर 68 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इतना ही नहीं, 79 मतदाताओं का मकान संख्या “0” या किसी जगह के नाम से लिखा गया है। यह सीधे तौर पर फर्जीवाड़े का प्रमाण है और यह सवाल खड़ा करता है कि आयोग आखिर किस दबाव या साजिश के तहत इस तरह की गड़बड़ी कर रहा है।
डॉ. जमाल हसन ने कहा कि यह कौन-सा SIR है जिसमें मकान संख्या के नाम पर मतदाता की पहचान ही खत्म कर दी गई है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग बार-बार सफाई देने के बजाय मुद्दे से भटक रहा है। जबकि जननायक राहुल गांधी जी लगातार इस विषय पर आवाज़ बुलंद कर रहे हैं और चेतावनी दे रहे हैं कि लोकतंत्र से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दरभंगा शहर विधानसभा क्षेत्र में कुल 354 बूथ हैं। फिलहाल उन्होंने केवल 2 बूथों की जानकारी सार्वजनिक की है, लेकिन उनकी टीम हर बूथ की बारीकी से जांच कर रही है। आने वाले दिनों में और बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने चुनाव आयोग को चेतावनी देते हुए कहा कि जितनी जल्दी हो सके इस गड़बड़ी को सुधारा जाए, अन्यथा इस पूरी प्रक्रिया को रद्द करना होगा।
डॉ. जमाल हसन ने कहा कि यह मामला किसी एक धर्म, जाति या वर्ग का नहीं है बल्कि पूरे लोकतंत्र के भविष्य का सवाल है। चुनाव आयोग ने फर्जी मकान संख्याओं में सभी धर्म और जाति के मतदाताओं को बराबरी की हिस्सेदारी दी है, जिससे यह साफ हो जाता है कि धांधली योजनाबद्ध और संगठित तरीके से की गई है। उन्होंने कहा कि वोट की चोरी सबसे बड़ा अपराध है और यह केवल व्यक्ति का अधिकार नहीं बल्कि लोकतंत्र की नींव पर हमला है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस धांधली के खिलाफ खड़े हों क्योंकि अब युवा जाग चुका है और अपनी वोट की चोरी बर्दाश्त नहीं करेगा। साथ ही उन्होंने बिहार के हर छोटे से छोटे जनप्रतिनिधि से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र की मतदाता सूची की जांच करें और अगर कहीं गड़बड़ी है तो उसके खिलाफ आवाज़ उठाएँ।
अंत में डॉ. जमाल हसन ने कहा कि यह लड़ाई लंबी है लेकिन जरूरी है। अगर आज हम चुप रह गए तो कल लोकतंत्र का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा। चुनाव आयोग को तुरंत इस मामले पर संज्ञान लेना चाहिए, फर्जीवाड़े को ठीक करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हर नागरिक की पहचान सही और सुरक्षित रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी हर बूथ पर नज़र रखेगी और किसी भी कीमत पर लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा करेगी।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal