जीविका का अभियान – दरभंगा में मतदाता जागरूकता की नई लहर डॉ. ऋचा गार्गी के नेतृत्व में जीविका दीदियाँ बना रहीं हैं लोकतंत्र को सशक्त

 

जीविका का अभियान – दरभंगा में मतदाता जागरूकता की नई लहर

डॉ. ऋचा गार्गी के नेतृत्व में जीविका दीदियाँ बना रहीं हैं लोकतंत्र को सशक्त

आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर दरभंगा जिले में डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी के नेतृत्व में जीविका द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान पूरे उत्साह और सहभागिता के साथ चलाया जा रहा है। जिले के सभी प्रखंडों में जीविका दीदियाँ घर-घर जाकर नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक कर रही हैं, ताकि अधिकतम मतदान सुनिश्चित किया जा सके।

 

इसी क्रम में बेनीपुर प्रखंड के सामुदायिक संगठनों में आयोजित कार्यक्रम में डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने भाग लेकर जीविका दीदियों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने जागरूकता रैली में शामिल होकर महिलाओं को मतदान का महत्व समझाया और यह संदेश दिया कि वे न केवल स्वयं मतदान करें बल्कि अपने आस-पास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। उत्साहपूर्ण माहौल में जीविका दीदियों ने हाथों में तख्तियां लेकर मतदाता जागरूकता के नारे लगाए और लोगों से लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।

डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा है। हर नागरिक का वोट यह तय करता है कि देश किस दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यदि हम मतदान नहीं करते, तो हम अपनी आवाज़ खो देते हैं। इसलिए प्रत्येक मतदाता को अपने मत का प्रयोग जिम्मेदारी और गर्व के साथ करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि जीविका दीदियाँ विशेष रूप से उन क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान चला रही हैं जहाँ पिछले चुनावों में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम था। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि इस बार कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे।

बीपीएम राजन कुमार ने कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों को मतदाता शपथ दिलाई। दीदियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदान करेंगी और अन्य मतदाताओं को भी मतदान के लिए जागरूक एवं प्रेरित करेंगी। राजन कुमार ने कहा कि “जब हर नागरिक मतदान करता है, तो वह देश के विकास और लोकतंत्र की मजबूती में अपनी अहम भूमिका निभाता है।”

अधिप्राप्ति प्रबंधक रश्मि कुमारी ने जीविका दीदियों द्वारा आयोजित मेहंदी और रंगोली कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि जीविका दीदियाँ न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा से समाज में जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

जागरूकता कार्यक्रम में रश्मि कुमारी, अनुपम कुमारी, रमेश कुमार सहित सैकड़ों जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोकतंत्र को सशक्त बनाने का संदेश दिया।

Check Also

• भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ, जिलाधिकारी का मकान सूचीकरण कर किया गया प्रारंभ 

🔊 Listen to this   • भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *