Breaking News

जिला प्रशासन दरभंगा की ओर से मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

 

आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिला प्रशासन दरभंगा की ओर से शनिवार को मीडिया एवं एमसीएमसी कोषांग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी (मीडिया एवं एमसीएमसी)  सत्येन्द्र प्रसाद ने की। इस अवसर पर सभी सहायक नोडल अधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

 

बैठक में निर्वाचन आयोग से प्राप्त दिशा-निर्देशों के आलोक में प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की गई। नोडल पदाधिकारी श्री प्रसाद ने कहा कि निर्वाचन अवधि के दौरान प्रकाशित या प्रसारित होने वाली सभी खबरें पूर्णतः निष्पक्ष, सटीक और संतुलित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, इसलिए इसकी भूमिका पारदर्शी और जनसरोकारों से जुड़ी चुनावी प्रक्रिया को बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया कोषांग का उत्तरदायित्व है कि जिले में चुनाव से संबंधित सभी सूचनाएँ समयबद्ध, प्रमाणिक और तथ्यों पर आधारित रूप में साझा की जाएँ। नोडल पदाधिकारी ने कर्मियों को उनके कार्य एवं दायित्वों के निर्वहन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य जिले में आचार संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित करना है ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक या पक्षपातपूर्ण सूचना प्रसारित न हो।

इसी क्रम में सोशल मीडिया निगरानी कोषांग की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई।

• श्री प्रसाद ने कहा कि जिले में फेसबुक, व्हाट्सएप ग्रुप, इंस्टाग्राम, एक्स (ट्विटर) जैसे लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की बारीकी से निगरानी की जा रही है। उन्होंने निर्देश दिया कि कोषांग के कर्मी सतर्कता एवं सजगता के साथ कार्य करें, सभी रजिस्टर और संचिकाओं को नियमित रूप से अपडेट रखें तथा पेड न्यूज, विज्ञापन और भ्रामक सामग्री पर विशेष नजर बनाए रखें। नामांकन करने वाले अभ्यर्थियों के सोशल मीडिया खातों की निरंतर मॉनिटरिंग पर भी बल दिया गया।

संचार प्रबंधक  राजा सागर ने मीडिया कोषांग के कर्मियों को निर्देशित किया कि धर्म, जाति, समुदाय, राष्ट्रहित एवं पेड न्यूज़ से संबंधित सभी समाचारों और विज्ञापनों पर पैनी नजर रखेंगे। साथ ही, टीवी, समाचार पत्रों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की सतत निगरानी 24 घंटे सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों के अक्षरशः अनुपालन पर विशेष जोर दिया।

नोडल पदाधिकारी श्री सत्येन्द्र प्रसाद ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन समयबद्ध ढंग से करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता या कोताही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में जिला आईटी मैनेजर  मो० खालिद अंसारी ने कोषांग के कर्मियों को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग से संबंधित तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोषांग के सभी कर्मियों को आवश्यक डिजिटल उपकरणों एवं प्रक्रियाओं के बारे में बताया, जिससे निगरानी कार्य सरल और प्रभावी ढंग से किया जा रहा है।

बैठक के माध्यम से मीडिया एवं सोशल मीडिया निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाने पर बल दिया गया, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को पूर्ण निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जा सके।

Check Also

• आगामी मुहर्रम पर्व पर विधि व्यवस्था संद्यारण को लेकर हुई बैठक  • सभी थाना प्रभारियों को निरोधात्मक कार्रवाई,शांति समिति की बैठक एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी को दिए गए निर्देश। 

🔊 Listen to this • आगामी मुहर्रम पर्व पर विधि व्यवस्था संद्यारण को लेकर हुई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *