जीविका दीदियाँ घर-घर पहुँचाएँगी मतदान का संदेश, डीएम ने दिलाई मतदाता शपथ
डीएम कौशल कुमार बोले — जीविका अब महिला सशक्तिकरण ही नहीं, सामाजिक परिवर्तन की ताकत है
दरभंगा में जीविका दीदियाँ बनीं मतदाता जागरूकता की अग्रदूत, जिलाधिकारी ने किया आह्वान

दरभंगा
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान को व्यापक और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को लहेरियासराय स्थित जिला प्रेक्षागृह में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार ने की। इस अवसर पर दरभंगा सदर, मनीगाछी और तारडीह प्रखंडों की सैकड़ों जीविका दीदियाँ उत्साहपूर्वक शामिल हुईं।
अपने प्रेरक संबोधन में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि “जीविका अब केवल एक संस्था नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक बन चुकी है। यह बिहार में गरीबी उन्मूलन का एक सशक्त जनआंदोलन बन गया है।” उन्होंने मतदाता जागरूकता में जीविका दीदियों की भूमिका को सराहनीय बताया और कहा कि जीविका की सबसे बड़ी ताकत इसकी पहुँच है, जो समाज के हर घर और व्यक्ति तक फैली हुई है।
डीएम ने आगे कहा कि “छठ महापर्व की तरह मतदान भी लोकतंत्र का महापर्व है। किसी भी योग्य मतदाता को मतदान से वंचित नहीं रहना चाहिए।” उन्होंने जीविका दीदियों से अपील की कि वे छठ पर्व पर घर लौटे प्रवासी मतदाताओं और ऐसे लोगों से विशेष आग्रह करें जो यहाँ रहकर भी मतदान नहीं करते, ताकि जिले का मतदान प्रतिशत बढ़ाया जा सके। उन्होंने ग्राम संगठनों द्वारा तैयार की गई लाइन लिस्टिंग के माध्यम से घर-घर जाकर मतदाता जागरूकता फैलाने का भी निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी जीविका दीदियाँ सुनियोजित रणनीति के तहत मतदाता जागरूकता को जन आंदोलन का रूप दें, ताकि अधिकतम नागरिक मतदान के लिए प्रेरित हों और लोकतंत्र की शक्ति को सशक्त बना सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्री सत्येन्द्र प्रसाद ने कहा कि “अब समय आ गया है कि हम अपने संवैधानिक अधिकार को अपने कर्तव्य में बदलें। लोकतंत्र की सच्ची भावना तभी साकार होगी जब हर नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करेगा। प्रत्येक मतदाता को चाहिए कि वे मतदान के दिन अपने-अपने बूथ पर पहुँचकर मतदान अवश्य करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।”
इस अवसर पर डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि प्रत्येक जीविका समूह को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए घर-घर जाकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करना चाहिए, ताकि जिले के मतदान प्रतिशत में अभूतपूर्व वृद्धि हो सके।
कार्यक्रम के दौरान कई जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए। मंजू देवी ने कहा कि वे गाँव-गाँव जाकर लोगों को यह संदेश दे रही हैं कि “मतदान समानता और सशक्त लोकतंत्र की कुंजी है।” दीदियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने का संकल्प लिया और गीत व कविताओं के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री सत्येन्द्र प्रसाद, संचार प्रबंधक राजा सागर, विषयगत प्रबंधक, तथा तीनों प्रखंडों — सदर, मनीगाछी और तारडीह — के जीविका कर्मी एवं सैकड़ों जीविका दीदियाँ उपस्थित रहीं।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal