Breaking News

• लोकतंत्र के महापर्व में जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी… 

 

• लोकतंत्र के महापर्व में जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी…

दरभंगा -बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र दरभंगा जिले में मतदाता जागरूकता अभियान पूरे उत्साह और जनसहभागिता के साथ गति पकड़ चुका है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी  कौशल कुमार के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान में जीविका दरभंगा की दीदियाँ एक सशक्त जनआंदोलन की भावना से काम कर रही हैं।

जिले के सभी 18 प्रखंडों में दीदियाँ घर-घर जाकर मतदाताओं को उनके अधिकार और कर्तव्य के प्रति जागरूक कर रही हैं। उनका लक्ष्य है कि जिले में “हर मतदाता, हर वोट” सुनिश्चित हो।

बुधवार को बहेड़ी प्रखंड के बघौनी पंचायत में विभिन्न सामुदायिक संगठनों द्वारा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया,जिसमें डीपीएम डॉ.ऋचा गार्गी ने भाग लेकर दीदियों का उत्साह बढ़ाया।
उन्होंने दीदियों से लोकतंत्र के इस उत्सव को पूरे जोश से मनाने और अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
गाँवों में दीदियों ने मतदाता रैलियाँ, लोकगीत, पोस्टर निर्माण, रंगोली सज्जा और मेहंदी प्रतियोगिताएँ आयोजित कर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित की।
उन्होंने “पहले मतदान, फिर जलपान”, “मेरा वोट, मेरा अधिकार” और “लोकतंत्र की शान – है मतदान” जैसे प्रभावशाली नारों के साथ अभियान को जीवंत बना दिया।

इस अवसर पर सभी दीदियों ने शपथ ली कि वे स्वयं मतदान करेंगी और अपने परिवार व समुदाय के प्रत्येक व्यक्ति को मतदान केंद्र तक पहुँचाने की जिम्मेदारी निभाएँगी। साथ ही उन्होंने यह भी तय किया कि मतदान के दिन समूह स्तर पर “घर-घर संपर्क अभियान” चलाया जाएगा ताकि कोई मतदाता मतदान से वंचित न रह जाए।

डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि —“दरभंगा की जीविका दीदियाँ आज लोकतंत्र की सशक्त प्रतीक बन चुकी हैं। जिन्होंने आत्मनिर्भरता का उदाहरण प्रस्तुत किया,वही अब लोकतांत्रिक चेतना की मशाल थामे हुए हैं। उनकी निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव ने हर गाँव में जनजागरण की नई लहर पैदा की है।”

उन्होंने आगे कहा कि 6 नवम्बर 2025 को दरभंगा जिला के सभी विधानसभा क्षेत्र में मतदान निर्धारित है,जिसमें बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने के लिए जीविका दीदियां सभी मतदाताओं और पहली बार मतदान करने वालों को विशेष रूप से प्रोत्साहित कर रही हैं, जिससे लोकतंत्र की नींव और अधिक मजबूत हो रही है।
यह पहल केवल मतदान दर बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और नागरिक चेतना को भी बढ़ावा दे रही है।

बीपीएम भास्कर झा ने अपने संबोधन में कहा —
“मतदान केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि वह जिम्मेदारी है जो भविष्य की दिशा तय करती है। जीविका दीदियाँ परिवर्तन की वाहक हैं, और उनके प्रयासों से गाँवों में लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का नया माहौल बना है।”

मतदान दिवस को सुचारू बनाने हेतु विशेष सहयोगी दलों का गठन भी किया गया है। इस पहल से जिले में मतदान प्रतिशत में वृद्धि होने के साथ-साथ लोकतंत्र के प्रति विश्वास और सहभागिता और भी मजबूत होगी।
कार्यक्रम में अधिप्राप्ति प्रबंधक रश्मी कुमारी, जीविकोपार्जन प्रबंधक मनोरमा मिश्रा, बीपीएम भास्कर झा, निषिद्ध कुणाल, प्रखंड स्तरीय कर्मी एवं बड़ी संख्या में समुदाय की महिलाएँ मौजूद थीं।
सभी ने एकजुट होकर “सशक्त लोकतंत्र, जागरूक भारत” का संदेश दिया।

Check Also

• आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित… 

🔊 Listen to this   • आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *