प्रेक्षक महोदय ने निर्वाची पदाधिकारी,सहायक निर्वाची पदाधिकारी,मीडिया कोषांग के नोडल पदाधिकारी,सेक्टर पदाधिकारी तथा जोनल पदाधिकारी के साथ किये बैठक…

दरभंगा 84-हायाघाट विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन प्रेक्षक श्री केशव हिंगोनिया (आई.ए.एस.) द्वारा आज यूरोपियन गेस्ट हाउस,ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी, मीडिया कोषांग के नोडल पदाधिकारी, सेक्टर पदाधिकारी तथा जोनल पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रेक्षक महोदय ने बैठक में निर्वाचन कार्य की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी सेक्टर पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। जिन मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की कमी है, वहाँ सहायक निर्वाची पदाधिकारी से समन्वय कर शीघ्र आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया।
प्रेक्षक महोदय ने यह भी निर्देश दिया कि सभी चेक पोस्ट पर एसएसटी एवं एफएसटी टीमें अगले 04 से 05 दिनों तक विशेष सक्रिय रहें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी सरकारी कर्मचारी किसी राजनीतिक दल के जुलूस या प्रचार कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे।
उन्होंने मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिया कि मॉक पोल के बाद सभी पर्ची सुरक्षित रूप से निकाली जाएँ। प्रपत्र 17 सी के बारे में विस्तार से बताया गया।
*निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि मतदान के दिन सेक्टर पदाधिकारी अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे तथा हर दो घंटे पर मतदान प्रतिशत से संबंधित प्रतिवेदन भेजना सुनिश्चित करेंगे।*
बैठक में यह भी बताया गया कि सभी मतदान केंद्रों पर सीएपीएफ (केन्द्रीय अर्धसैनिक बल) की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
प्रेक्षक महोदय ने कहा कि सेक्टर एवं जोनल पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे।
मतदाता सूचना पर्ची के संबंध में जानकारी देते हुए निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि सभी मतदाताओं को सूचना पर्ची वितरित की जा चुकी हैं।
• प्रेक्षक महोदय ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि सेक्टर पदाधिकारी ईवीएम की सुरक्षा और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान दें।
साथ ही प्रेक्षक, निर्वाची पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सहायक व्यय प्रेक्षक के स्थानीय मोबाइल एवं लैंडलाइन नंबर सभी अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराए गए हैं। किसी भी प्रकार की शिकायत सीधे प्रेक्षक महोदय के मोबाइल नंबर पर दर्ज कराई जा सकती है। जोनल दंडाधिकारी एस एस टी और एफएसटी को अधिक सक्रियता दिखाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में निर्वाची पदाधिकारी हायाघाट मनोज कुमार,नोडल पदाधिकारी मीडिया कोषांग सत्येंद्र प्रसाद, मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय,राज्य स्तरीय एवं निर्दलीय अभ्यर्थी तथा उनके अभिकर्ता उपस्थित रहे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal