• मतदाता जागरूकता के लिए जीविका ने भरी हुंकार
• स्वीप दूतों को मिली जिम्मेदारी,लक्ष्य शत-प्रतिशत मतदान का
प्रखंड परियोजना क्रियान्वयन इकाई,जीविका बिरौल के तत्वावधान में प्रखंड परियोजना प्रबंधक आमोद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में स्वीप दूत एवं जीविका कर्मियों की मतदाता जागरूकता संवाद सभा का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में सामुदायिक प्रेरक, बुक कीपर एवं जीविका कर्मी उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए श्री आमोद कुमार शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व की तैयारियाँ जीविका द्वारा कई महीनों से निरंतर चल रही हैं। प्रखंड के 266 ग्राम संगठनों में मतदाता जागरूकता के विविध कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को मतदान के महत्व से अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा अब समय आ गया है कि 6 नवम्बर को सभी मतदाता पूरे उत्साह,जिम्मेदारी और गर्व के साथ मतदान करें तथा लोकतंत्र के इस उत्सव को सार्थक बनाएं।”
उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बिरौल प्रखंड के अंतर्गत विधान सभा कुशेश्वरस्थान (78) के 73, गौड़ाबौराम (79) के 112 तथा बेनीपुर (80) के 44—कुल 229 बूथों पर बूथ स्तरीय स्वीप दूतों का गठन कर उन्हें प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
ये दूत मतदान दिवस पर घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुँचने और मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्वीप दूत स्वयं पहले मतदान करें और फिर शाम पाँच बजे तक अपने क्षेत्र में जाकर शेष मतदाताओं को मतदान हेतु प्रेरित करें ताकि कोई भी मतदाता मतदान से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि जीविका दीदियाँ इस अभियान की रीढ़ ह— वे अब केवल आर्थिक रूप से सशक्त नहीं,बल्कि लोकतंत्र की प्रहरी बन चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि मतदान दिवस पर निगरानी एवं समन्वय के लिए प्रखंड स्तर पर एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष तथा सभी छह संकुलों में संकुल स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। तीनों विधानसभा क्षेत्रों—कुशेश्वरस्थान (78), गौड़ाबौराम (79) और बेनीपुर (80) — के लिए अलग-अलग नियंत्रण अधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं, जो मतदान की स्थिति की प्रति घंटे की रिपोर्ट जिला स्तर तक भेजेंगे।
उन्होंने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि मतदान दिवस पर सुबह 6 बजे से ही नियंत्रण अधिकारी सभी स्वीप दूतों से लगातार संपर्क बनाए रखें और प्रत्येक बूथ की स्थिति से प्रखंड जीविका कार्यालय को अवगत कराते रहें।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा मतदान केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है; सभी मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
सभा में सामुदायिक समन्वयक उपस्थित रही।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal