सी.एम. साइंस कॉलेज में “डॉ. सी. वी. रमन व्याख्यान शृंखला” का शुभारम्भ 15 दिसम्बर को
सी.एम. साइंस कॉलेज का पीजी भौतिकी विभाग अगले महीने से मासिक व्याख्यान शृंखला का आयोजन करेगा। यह निर्णय गुरुवार को प्रधानाचार्य प्रो. संजीव कुमार मिश्र की अध्यक्षता में भौतिकी विभाग के शिक्षकों के साथ हुई बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में लिए गये निर्णय के अनुसार “डॉ. सी. वी. रमन व्याख्यान शृंखला” नाम से हर महीने आयोजित होने वाले इस व्याख्यान शृंखला का शुभारम्भ 15 दिसंबर 2025 को दोपहर दो बजे महाविद्यालय के स्नातकोत्तर रसायन विभाग स्थित डॉ. नीलाम्बर चौधरी सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस व्याख्यान शृंखला की पहली कड़ी के रूप में ‘इलुमिनेटिंग दि फ्यूचरः एडवांसेज इन लाइटिंग टेक्नोलाजी’ विषय पर भौतिकी विभाग की शिक्षिका डॉ. सुमनदीप कौर अपना व्याख्यान देंगी।
मौके पर प्रधानाचार्य ने भौतिकी विभाग द्वारा लाए गये प्रस्ताव पर प्रसन्नता जाहिर करते कहा कि यह व्याख्यान शृंखला छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षकों के भी विषय केंद्रित ज्ञान के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। व्याख्यान का यह शृंखला न केवल ज्ञान के विकास का एक प्रभावी तरीका स्थापित करेगा, बल्कि छात्रों को सक्रिय रूप से सोचने, प्रश्न पूछने और विषय की गहरी समझ विकसित करने के लिए भी सहज ही प्रोत्साहित करेगा। इससे छात्रों एवं शिक्षकों के बीच सहयोगात्मक शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा, जिससे वे एक-दूसरे के विचारों से बहुत कुछ आसानी से सीख सकेंगे। बैठक में विभाग के शिक्षक डॉ. सुजीत कुमार चौधरी, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. सुमनदीप कौर, डॉ. रवि रंजन, डॉ. अशुतोष कुमार सिंह, डॉ. स्वर्णा श्रेया आदि की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal