Breaking News

प्रवासी मैथिलों के लिए उत्कर्ष का प्रतीक बना विद्यापति स्मृति पर्व 

प्रवासी मैथिलों के लिए उत्कर्ष का प्रतीक बना विद्यापति स्मृति पर्व

हैदराबाद में रहने वाले प्रवासी मैथिलों के लिए रविवार को आयोजित विद्यापति स्मृति संध्या पर्व जबरदस्त उत्साह का केंद्रबिंदु बना। मिथिला सामाजिक मंच के तत्वावधान में आयोजित समारोह का विधिवत शुभारंभ मिथिला की हृदय स्थली दरभंगा के लोकप्रिय सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने मैथिली अकादमी, बिहार के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा, पूर्व विधायक सह तेलंगाना प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष एनवीएसएस प्रभाकर, तेलंगाना भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष डॉ. शिल्पा रेड्डी, मिधानी के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक डॉ. संजय कुमार झा, मिथिला सामाजिक मंच के अध्यक्ष राम विनोद झा, महासचिव रंजन कुमार झा एवं वरिष्ठ मैथिली सेवा अभियानी प्रवीण कुमार झा के साथ दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन संबोधन में सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि विद्यापति विश्वव्यापी महान साहित्यकार थे। मिथिला से कोसों दूर दण्डकारण्य क्षेत्र में स्थित हैदराबाद में मिथिला सामाजिक मंच द्वारा उनके कृतित्व को संरक्षित एवं संवर्धित किए जाने का किया जा रहा कार्य काबिले तारीफ है। इसके साथ ही मंच इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन कर जिस प्रकार से मिथिला-मैथिली के गौरवशाली परंपरा को जीवंत बनाए रखने का उत्कृष्ट कार्य कर रही है, उसकी जितनी तारीफ की जाय कम है। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह से पूरी दुनिया में कवि कोकिल बाबा विद्यापति के नाम पर कार्यक्रम हो रहे हैं और सभी मिथिलावासी एक जगह एकत्रित हो अपने मातृभूमि और मातृभाषा के विकास के प्रति एकत्रित हो रहे हैं, यह मिथिला और मैथिली के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गौरवशाली है कि मिथिला सामाजिक मंच के इस आयोजन में उन्हें शामिल होने का मौका मिला है ।

बतौर विशिष्ट अतिथि मैथिली अकादमी, बिहार के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा ने कहा कि विद्यापति का सम्मान सिर्फ मिथिलावासी ही नहीं, पूरे देश और विश्व‌ के लोग करते हैं। मिथिला के विकास में मिथिलावासी के साथ प्रवासी मैथिलों का भी अहम योगदान रहा है। मिथिला के सर्वांगीण विकास के लिए पृथक मिथिला राज्य का गठन वर्तमान समय के हिसाब से अपरिहार्य है और इसके लिए एकजुट होकर जोर लगाने की जरूरत है।

पूर्व विधायक सह तेलंगाना भाजपा प्रदेश कमेटी के उपाध्यक्ष एनवीएसएस प्रभाकर ने कहा कि हैदराबाद में मिथिला की सांस्कृतिक ललक जगाने में मिथिला सामाजिक मंच का अहम योगदान रहा है। तेलंगाना भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष डॉ. शिल्पा रेड्डी एवं मिधानी के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक डॉ. संजय कुमार झा ने कहा कि दुनिया की सबसे मीठी भाषा मैथिली बोलने वाले लोगों की आपसी एकता और एकजुटता अहम है। यह ना सिर्फ सराहनीय है, बल्कि हम सभी के लिए अनुकरणीय भी है।

इससे पहले अतिथियों का स्वागत करते हुए मिथिला सामाजिक मंच के अध्यक्ष राम विनोद झा ने कहा कि मिथिला विद्यापति के कारण भारत की सांस्कृतिक विरासत और मानवीय मूल्यों के संवाहक के रूप में कार्य करती रही है और भारत की उत्ष्कृटता में मिथिला का अहम योगदान है। मंच के कार्यकारी अध्यक्ष शंभु नाथ झा ने मिथिला और मैथिली की यथास्थिति की विस्तार से चर्चा करते कहा कि यह अत्यंत दुखद है कि मैथिली को भले ही संवैधानिक भाषा का दर्जा मिल गया है लेकिन वह राजनीतिक उपेक्षा का शिकार होकर अभी भी अपने अधिकार से वंचित है। अपना भावोद्गार व्यक्त करते हुए महासचिव रंजन कुमार झा ने कहा कि हैदराबाद के प्रवासी मैथिलों के अभूतपूर्व सहयोग के कारण ही विद्यापति स्मृति संध्या का भव्य आयोजन लगातार सातवीं बार संभव हो रहा है। इसके लिए सभी मैथिल भाई बधाई के पात्र हैं। उद्घाटन सत्र का संचालन प्रवीण कुमार झा एवं धीरेन्द्र झा ‘धीरू’ ने मिलकर किया।

लोकप्रिय उद्घोषक राधेभाई के संचालन में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में मैथिली मंच के स्थापित कलाकार माधव राय, रचना झा एवं उनके साथियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। आरंभ में अतिथियों का स्वागत मिथिला की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप मिथिला पेंटिंग से सजे पाग, चादर, स्मृति प्रतीक एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर किया गया। कार्यक्रम में प्रवीण कुमार झा के संपादन में प्रकाशित मंच की स्मारिका नव जागृति का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद थे।

Check Also

दरभंगा • डी एम सी एच में इलाज़रत पीड़ित से मिला माले नेताओं की टीम 

🔊 Listen to this   • डोमू राम के हमलावरो को गिरफ्तार करें पुलिस – …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *