• सात सुरों से सजी सांस्कृतिक महफिल में आनंद का गोता लगाते रहे श्रोता…

अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन की ओर से पुनौराधाम में आयोजित दो दिवसीय मैथिली अधिकार दिवस का 23वां समारोह मंगलवार की देर शाम संपन्न हुआ। मैथिली मंच के स्थापित कलाकारों की प्रस्तुतियों ने लगातार श्रोताओं को बांधे रखा। इस दौरान ना श्रोता और ना ही कलाकार ही कभी थकते नजर आए। डा ममता ठाकुर के गाये मंगलाचरण, केदारनाथ कुमर के गाये गणेश वंदना एवं डॉ सुषमा झा के गाये पारंपरिक गीत से शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम के गायकी की पारी की शुरुआत मैथिली मंच की सुपरिचित गायिका डॉली सिंह एवं रचना झा ने मनोहारी मिथिला वर्णन के गायन से बखूबी किया। पारंपरिक लोक धुन पर जैसे ही उन्होंने अपनी स्वर लहरी छेड़ी पूरा का पूरा दर्शक दीर्घा भाव विभोर हो गया।
माधव राय एवं रामसेवक ठाकुर की युगलबंदी में पारंपारिकता की चासनी में भक्ति के भावों ने जहां दर्शकों को आत्म विभोर किया। वहीं पं कुंज बिहारी मिश्र, कृष्ण कुमार ठाकुर कन्हैया, रूपेश सिंह आदि द्वारा प्रस्तुत गंभीर किंतु लहकदार सांस्कृतिक गीतों ने दर्शकों की तालियां बटोरने में जोरदार कामयाबी हासिल की। एक संग महिला एवं पुरूष की आवाज में दुखी राम रसिया की प्रस्तुति ने दर्शकों को विशेष रूप से रोमांचित किया। नटराज डांस एकेडमी के निदेशक मोहित खंडेलवाल की टीम द्वारा जानकी के प्राकट्य से लेकर उनके परिणय संस्कार तक केंद्रित नृत्य नाटिका ने दर्शकों को विशेष रूप से मोहित किया। राम सेवक ठाकुर, प्रवीण कुमार झा एवं अंजनी मिश्र के संयुक्त संचालन में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के फरमाइशी गीतों के अंतिम चरण में कुंजबिहारी मिश्र, माधव राय, रचना झा, केदारनाथ कुमर एवं कृष्ण कुमार कन्हैया की गायकी का जादू एक बार फिर से दर्शकों के सिर चढ़कर बोला और वे अंत तक डटे रहे।
*संगत कलाकारों ने भी खूब जमाया रंग*
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान गायकों के साथ साथ संगत कलाकारों ने भी अपनी उंगली के जादू का जमकर जलवा बिखेरा। तबला पर हीरा कुमार झा एवं मनोज ने अपनी प्रतिभा का जमकर प्रदर्शन किया। वहीं, नाल पर कल्लू ने अपनी उंगली का जादू खूब दिखाया। आर्गन पर राम बहादुर दास, पैड पर रूपेश सिंह, दर्शकों के विशेष आकर्षण का केंद्र अंत तक बने रहे। जबकि बैंजो पर शिवकुमार एक बार फिर से दर्शकों का मन मोहने में कामयाब रहे। पैड पर केशव एवं अभिजीत की प्रस्तुतियों की लोगों ने खूब सराहना की।
• माधव राय, मोहित खंडेलवाल व रचना मैथिली रत्न से सम्मानित…
• डॉली को मिला जानकी सेवा सम्मान
मैथिली गीत संगीत के क्षेत्र को अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से निरंतर प्रगति की दिशा में अग्रसर करने में उत्कृष्ट योगदान के लिए मंगलवार को नटराज डांस एकेडमी के निदेशक मोहित खंडेलवाल, माधव राय एवं रचना झा को मैथिली रत्न से सम्मानित किया गया। जबकि मैथिली मंच की नवोदित गायिका डॉली सिंह को जानकी सेवा सम्मान से नवाजा गया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal