• दरभंगा जिला के 152 वां स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक

• दरभंगा जिला के 152वें स्थापना दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों से स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई तथा कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला स्थापना दिवस समारोह 31 दिसंबर 2025 एवं 01 जनवरी 2026 को उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत 31 दिसंबर 2025 को अपराह्न 3:30 बजे से 6:30 बजे तक ऑडिटोरियम, लहेरियासराय में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा,जिसमें स्थानीय कलाकारों एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सुगम संगीत, नृत्य, शास्त्रीय वादन एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का ऑडिटोरियम, लहेरियासराय में ऑडिशन आयोजित किया जाएगा। ऑडिशन में चयनित कलाकारों को ही मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता का अवसर प्रदान किया जाएगा।
साथ ही इसके अतिरिक्त 31 दिसंबर 2025 को प्रातः 9:00 बजे से नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय, दरभंगा में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें वॉलीबॉल, बैडमिंटन, 1600 मीटर दौड़, जैवलिन थ्रो सहित अन्य खेल शामिल हैं।
जिला स्थापना दिवस के अवसर पर 31 दिसंबर 2025 एवं 01 जनवरी 2026 को समाहरणालय परिसर के सभी भवनों को आकर्षक डेकोरेशन एवं ब्लू लाइट से सुसज्जित किया जाएगा।
01 जनवरी 2026 को संध्या 5:00 बजे समाहरणालय परिसर, दरभंगा में दीप प्रज्जवलन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जो स्थापना दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण होगा।
• जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर विभिन्न विभागों—बाल विकास परियोजना, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उद्योग विभाग, कृषि विभाग, मत्स्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, पीएचईडी, कला संस्कृति एवं युवा विभाग, जीविका, आपदा प्रबंधन शाखा, अल्पसंख्यक कल्याण सहित अन्य विभागों द्वारा ऑडिटोरियम परिसर में स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी के नेतृत्व में प्रखंड स्तरीय सभी अधिकारी एवं पर्यवेक्षक कर्मी श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता कार्य करेंगे। साथ ही कार्यालय परिसरों में डेकोरेशन लाइट भी लगायेंगे।
दरभंगा जिला के 152 वा स्थापना दिवस के अवसर पर एक स्मारिका का भी प्रकाशन किया जाएगा,जिसमें जिले के इतिहास,विकास एवं उपलब्धियों को समाहित किया जाएगा।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी कृष्णानंद सदा,उप निदेशक जन संपर्क सत्येंद्र प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार, जिला खेल पदाधिकारी परिमल सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal