• दरभंगा के बाद पटना में जोरदार प्रदर्शन
• मैथिली अकादमी के पूर्ववत क्रियान्वयन को लेकर एक मंच पर आये दर्जनों मैथिली सेवी संगठन

धरनार्थियों के शिष्टमंडल ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ सीपी ठाकुर से मिलकर अपनी मांग के समर्थन में ज्ञापन सौंपा
उच्च शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के अधीन स्थापित एवं संचालित मैथिली अकादमी के स्वायत्त संस्था के रूप में पूर्ववत गठन के मांग को लेकर शनिवार को दरभंगा प्रमंडल आयुक्त कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन के बाद रविवार को विद्यापति सेवा संस्थान ने अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन एवं चेतना समिति सहित दर्जनों अन्य मिथिला मैथिली सेवी संस्थाओं के साथ मिलकर गर्दनीबाग, पटना में एक दिवसीय धरना दिया। चेतना समिति, पटना के अध्यक्ष विवेकानंद झा की अध्यक्षता में आयोजित सभा में विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कहा कि अष्टम अनुसूची में शामिल मैथिली भाषा और इसकी लिपि लाखों वर्ष पुरानी है। इस भाषा की चर्चा वाल्मीकि रामायण में भी है। संविधान के आठवीं अनुसूची में शामिल साहित्यिक एवं सांस्कृतिक रूप से संपन्न भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए गठित अकादमी को बंद करना दुर्भाग्यपूर्ण है। अध्यक्षता करते हुए चेतना समिति के अध्यक्ष झा ने कहा कि चेतना समिति व विद्यापति सेवा संस्थान देश के सभी मैथिली सेवी संस्थाओं को एक साथ लेकर मैथिली अकादमी के पुनर्गठन के लिए चरणबद्ध आंदोलन करती रहेगी। मौके पर प्रो. अयोध्या नाथ झा ने कहा कि मैथिली भाषा का साहित्य और इसकी संस्कृति बहुत ही समृद्ध है। मैथिली अकादमी को पूर्ववत क्रियान्वयन करना अपरिहार्य है। गणपति नाथ झा ने कहा जेसे उर्दू अकादमी का स्वतंत्र अस्तित्व सुविधा सम्पन्न व्यवस्था में कायम है, वैसे ही मैथिली अकादमी को भी विकसित करने की पहल सरकार को करनी चाहिए।
कथाकार अशोक ने कहा कि सभी भाषायी अकादमियों को एक छत के नीचे लाने संबंधी शिक्षा विभाग की अवधारणा अस्पष्ट है। मैथिली अकादमी के कार्य उद्देश्यों के हित में यह कथमपि स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मैथिली अकादमी के पूर्ववत गठन के लिए व्यापक आंदोलन की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रस्ताव दिया कि इसका नेतृत्व चेतना समिति के अध्यक्ष विवेकानन्द झा और विद्यापति सेवा संस्थान, दरभंगा के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू को करना चाहिए। उपस्थित जन समुदाय एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने ध्वनि मत से इसका समर्थन किया। सभा में उपस्थित इन दोनों मैथिली सेनानी ने संकल्प लिया कि जब तक मैथिली अकादमी का पुराना गौरव स्थापित नहीं होगा, तब तक यह आंदोलन क्रमशः जारी रहेगा। जोरदार प्रदर्शन बाद धरनार्थियों के शिष्टमंडल ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ सीपी ठाकुर से मिलकर अपनी मांग के समर्थन में ज्ञापन समर्पित किया। शिष्टमंडल में चेतना समिति, पटना, विद्यापति सेवा संस्थान दरभंगा, अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन, दिल्ली/काठमांडू, वाचस्पति सेवा संस्थान, अन्धराठाढ़ी, मधुबनी, मिथिला संस्कृति विकास समिति राजीव नगर सहित अन्य मैथिली संगठनों के प्रतिनधियों ने भागीदारी की और दोनों प्रभावशाली नेताओं से सरकार के समक्ष मैथिली अकादमी के पुनरूद्धार की मांग को मजबूती से रखने का आग्रह किया।
धरना में मणिकांत झा, डॉ गणेश कांत झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढाभाई, डा. शिवकुमार मिश्र, जयदेव मिश्र, उमेश मिश्र, प्रेमलता मिश्र, डा. अरविन्द अक्कू, रंगकर्मी किशोर केशव, आशुतोष कुमार मिश्र, सरेन्द्र नारायण यादव, विप्रेन्द्र झा माधव, शैलेन्द्र मोहन झा, विवेकानन्द ठाकुर, डा. बी झा मृणाल, पुतुल प्रियंवदा, प्रशांत मिश्र, श्रीमती प्रगति सोनी, प्रीति झा सहित सैकड़ों प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal