जीविका दीदियों द्वारा निर्मित पोशाक से खिले आंगनवाड़ी बच्चों के चेहरे

महिला सशक्तिकरण एवं स्थानीय आजीविका को मजबूती देने की दिशा में जीविका द्वारा किए जा रहे प्रयासों का एक प्रेरणादायी उदाहरण आज देखने को मिला। खाजासराय स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या–32 में जीविका दीदियों द्वारा निर्मित आंगनवाड़ी बच्चों की पोशाक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से जहां आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं आकर्षक पोशाक उपलब्ध कराई गई, वहीं दूसरी ओर जीविका से जुड़ी दीदियों को स्वरोजगार का अवसर प्राप्त हुआ, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
कार्यक्रम में जीविका के गैर-कृषि प्रबंधक अशोक रंजन, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) चांदनी सिंह, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) सदर अंजना कुमारी तथा महिला पर्यवेक्षिका रिंकू कुमारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जीविका के गैर-कृषि प्रबंधक अशोक रंजन ने कहा कि एक ओर जहां आंगनवाड़ी बच्चों के चेहरे पर नई पोशाक पाकर खुशी झलक रही है, वहीं दूसरी ओर जीविका दीदियों को रोजगार मिलने से उनके चेहरों पर भी हर्ष और आत्मविश्वास दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि इस पहल को आगे और विस्तार देते हुए जिले के सभी प्रखंडों में जीविका दीदियों के माध्यम से आंगनवाड़ी पोशाक निर्माण कार्य को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को सतत रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) चांदनी सिंह एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) सदर अंजना कुमारी ने कहा कि जीविका दीदियों द्वारा आंगनवाड़ी बच्चों के लिए पोशाक निर्माण आत्मनिर्भर बिहार की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक सराहनीय एवं प्रभावी पहल है। इससे न केवल बच्चों को समय पर पोशाक उपलब्ध हो रही है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के कौशल विकास एवं आय सृजन को भी मजबूती मिल रही है।
समारोह के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र संख्या–32 के कुल 25 बालक-बालिकाओं के बीच जीविका दीदियों द्वारा निर्मित पोशाक का वितरण किया गया। पोशाक पाकर बच्चों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु विभाग द्वारा संचालित स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में जीविका दीदी, आंगनवाड़ी सेविका, सहायिका एवं स्थानीय अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता रही। संपूर्ण आयोजन से केंद्र में उपस्थित बच्चों एवं परिजनों में हर्षोल्लास का वातावरण देखा गया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal