गणतंत्र दिवस परेड–2026 में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने दिल्ली रवाना हुआ नमामि गंगे, दरभंगा का वॉटर वॉरियर दल

दरभंगा
नमामि गंगे मिशन के अंतर्गत गंगा नदी एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण, स्वच्छता एवं जन-जागरूकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय योगदान देने वाले दरभंगा जिले के वॉटर वॉरियर्स आज देश की राजधानी नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। ये वॉटर वॉरियर्स 77वें गणतंत्र दिवस परेड–2026 में विशेष अतिथि के रूप में सम्मिलित होकर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जिला पदाधिकारी सह अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा जिले से दो वॉटर वॉरियर्स नामित किए गए हैं। इनमें सिंहवाड़ा प्रखंड अंतर्गत सिरहुल्ली निवासी श्री मणिकांत ठाकुर एवं बहादुरपुर प्रखंड अंतर्गत खाजासराय निवासी सुश्री पूजा कुमारी शामिल हैं। दोनों वॉटर वॉरियर्स के साथ एक-एक परिवारजन को भी गणतंत्र दिवस परेड के साक्षी बनने का अवसर प्राप्त हुआ है।
मणिकांत ठाकुर एवं पूजा कुमारी ने नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत गंगा दूत प्रशिक्षण, घाटों की स्वच्छता, वृक्षारोपण, गंगा आरती, जन-जागरूकता रैलियाँ, घर-घर संपर्क अभियान, तथा सांस्कृतिक एवं नवाचार आधारित गतिविधियों के माध्यम से गंगा एवं नदी संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है।
इस अवसर पर जिला गंगा समिति, दरभंगा के जिला परियोजना पदाधिकारी फारूक इमाम ने बताया कि दोनों वॉटर वॉरियर्स ने नमामि गंगे कार्यक्रम के उद्देश्यों को केवल योजनागत स्तर तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें जमीनी हकीकत में प्रभावी रूप से साकार किया है। इनके निरंतर प्रयासों से समाज में नदियों के प्रति स्वच्छता आधारित व्यवहार परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता तथा जन-भागीदारी को व्यापक मजबूती मिली है। यह चयन दरभंगा जिले के लिए गर्व का विषय है और अन्य युवाओं एवं स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।
वॉटर वॉरियर मणिकांत ठाकुर ने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर देश की राजधानी में जिले में नदी संरक्षण से जुड़े प्रयासों का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने इस सम्मान के लिए जिला पदाधिकारी एवं जिला गंगा समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं वॉटर वॉरियर सुश्री पूजा कुमारी ने कहा कि एक महिला वॉटर वॉरियर के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना उनके लिए सम्मान और प्रेरणा दोनों है। यह अवसर उन्हें गंगा संरक्षण, स्वच्छता एवं जन-जागरूकता के कार्यों को और अधिक दृढ़ संकल्प एवं प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा।
उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस परेड के अतिरिक्त वॉटर वॉरियर्स को भारत सरकार द्वारा आयोजित अन्य आधिकारिक कार्यक्रमों एवं गतिविधियों में भी भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा। इनमें राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, प्रधानमंत्री संग्रहालय सहित दिल्ली के प्रमुख स्थलों का भ्रमण, विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों द्वारा आयोजित इंटरैक्टिव सत्र, तथा राष्ट्रीय महत्व के आयोजनों में सहभागिता शामिल है। इन गतिविधियों का उद्देश्य देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए विशिष्ट अतिथियों को राष्ट्रीय विकास, जन-भागीदारी एवं प्रमुख सरकारी पहलों से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना है, ताकि वे अपने अनुभवों को अपने-अपने क्षेत्रों में साझा कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन को और अधिक गति दे सकें।
इस अवसर पर नमामि गंगे कार्यालय से संजीव कुमार भी उपस्थित रहे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal