• कृषि यांत्रिकीकरण मेले का भव्य उद्घाटन
• बहादुरपुर प्रखंड के हरिदेव दास को मिला 04 लाख रूपये का चेक और 300 किसानों को मिला यंत्रों का परमिट

दरभंगा स्थानीय कृषि विभाग के तत्वावधान में ‘कृषि यांत्रिकीकरण मेला 2025-26’ का भव्य उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त निदेशक (दरभंगा प्रमंडल) संजय नाथ तिवारी, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ, कृषि अभियंत्रण की उप-निदेशक डॉ. आकांक्षा एवं कृषि विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किये।
इस अवसर पर विभाग द्वारा अत्याधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई गई और किसानों को तकनीकी से जोड़ने का संकल्प लिया गया।
मेले के दौरान विशेष रूप से बहादुरपुर प्रखंड के प्रगतिशील किसान श्री हरिदेव दास को ‘कस्टम हायरिंग सेंटर’ की स्थापना हेतु 04 लाख रुपये का अनुदान चेक और सांकेतिक टोकन चाबी प्रदान की गई।
जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए किसानों के बीच रीपर-कम-बाइंडर, थ्रेशर एवं अन्य आधुनिक मशीनों के कुल 300 परमिटों का वितरण किया गया।
उल्लेखनीय है कि इन परमिटों का चयन कल, 23 दिसंबर को बिहार सरकार के माननीय कृषि मंत्री महोदय की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीकृत लॉटरी के माध्यम से पारदर्शी तरीके से किया गया था।
समारोह के द्वितीय सत्र में आत्मा योजना के तहत जिले में हासिल की गई महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया।
पदाधिकारियों ने बताया कि कैसे आत्मा के माध्यम से किसानों को उन्नत प्रशिक्षण और प्रत्यक्षण प्रदान कर उनकी उत्पादकता में वृद्धि की गई है। इसी क्रम में सहायक निदेशक (रसायन) और अनुमंडल कृषि पदाधिकारी सदर ने ‘मिट्टी जाँच’ की महत्ता पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक ढंग से खेती करने और सॉइल हेल्थ कार्ड के आधार पर ही उर्वरकों का संतुलित प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही प्राकृतिक खेती (Natural Farming) की योजनाओं के दूरगामी परिणाम के बारे में जानकारी दी गई,जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बनाए रखते हुए कम लागत में शुद्ध और बेहतर अनाज का उत्पादन संभव हो सके।
मेले में उपस्थित किसानों ने विभाग की इन योजनाओं और कृषि मंत्री द्वारा लागू की गई पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के प्रति अत्यंत उत्साहजनक प्रत्युत्तर दिया।
इस मेले का मुख्य उद्देश्य आधुनिक यंत्रों और वैज्ञानिक पद्धतियों के माध्यम से खेती को सुगम बनाकर किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित करना है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal