• मिथिला लोक उत्सव 2025-26 का होगा भव्य आयोजन
दरभंगा पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में “मिथिला लोक उत्सव 2025-26” का आयोजन 28 फरवरी एवं 01 मार्च 2026 को दरभंगा में किया जाएगा।
यह दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम) तथा नेहरू स्टेडियम लहेरियासराय के प्रांगण में आयोजित होगा।
उत्सव का उद्देश्य मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला, लोकसंगीत, लोकनाट्य एवं पारंपरिक विधाओं का संरक्षण एवं संवर्धन करना है।
28 फरवरी 2026 को कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे तक भव्य कवि सम्मेलन से होगा।
इस सत्र में हिंदी, मैथिली,उर्दू एवं वज्जिका भाषाओं के प्रतिष्ठित कविगण अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे।
हिंदी भाषा के कवियों में शंकर कैमुरी, डॉ. अमरकांत कुवर एवं नरेंद्र कुमार मिश्र शामिल रहेंगे।
मैथिली भाषा से मंजर सुलेमान,फूल चंद्र झा परवीन, वंशीधर मिश्र एवं प्रो. अमलेंदु शंकर पाठक अपनी प्रस्तुति देंगे। उर्दू से मुस्ताक इकबाल तथा वज्जिका भाषा से इंदिरा भारती एवं रेवती रमण पाठक सहभागिता करेंगे।
साथ ही सायं 5:00 बजे से अपराह्न 10:00 बजे तक नेहरू स्टेडियम ,लहेरियासराय,दरभंगा में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित की जाएगी।
मोहित खंडेलवाल (नटराज आर्ट्स एण्ड कल्चर) तथा राजनंदनी द्वारा लोक नृत्य, पूनम मिश्रा द्वारा लोकगायन, पूनम कुमारी द्वारा गायन ,किलकारी संस्था दरभंगा द्वारा ‘गोनू झा’ पर आधारित मैथिली बाल नाटक, सौम्या मिश्रा द्वारा हिंदी एवं मैथिली गायन तथा सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार सुनील पाल द्वारा हास्य प्रस्तुति दी जाएगी।
01 मार्च 2026 को द्वितीय दिवस का कार्यक्रम नेहरू स्टेडियम लहेरियासराय में पूर्वाह्न 11:00 बजे से 02: 00 बजे अपराह्न तक।
इस सत्र में कलाकार रुदल पंजियार द्वारा ‘कारू खिरहर’ लोकगाथा, बीरबल सदाय द्वारा ‘दिन भद्री महाराय’ गायन, सुरेंद्र नारायण यादव एवं ब्रह्मदेव महतो द्वारा लोकगायन तथा गोविंद यादव द्वारा लोकगाथा की प्रस्तुति की जाएगी।
दिनांक 01.03 को ही नेहरू स्टेडियम में रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
साथ ही 4:00 से 4:30 बजे तक प्रेक्षागृह (Auditorium ) में “मिथिला लोक सम्मान” समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विधाओं के विशिष्ट कलाकारों/महानुभावों को सम्मानित किया जाएगा।
सम्मानित होने वाले कलाकारों में संतोष मल्लिक (ध्रुपद गायन), पुतुल चौधरी (मिथिला पेंटिंग), बालेश्वर राम चौधरी (शहनाई वादन), विनोद पंडित (टेराकोटा आर्ट) एवं मगन चौधरी (खेलकूद) शामिल हैं।
4:30 से 6:00 बजे तक प्रेक्षागृह में प्रवीण सांस्कृतिक मंच द्वारा ‘बैजयंती नाट्य’ का मंचन किया जाएगा।
साथ ही 6:00 बजे से 9:30 बजे अपराह्न तक नेहरू स्टेडियम ,लहेरियासराय में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा,जिसमें हर्षप्रीत कौर, मोनी झा, सिद्धि शक्ति एवं दीपाली सहाय द्वारा गायन तथा साकार कलाकृति द्वारा लोकनृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन रूपम कुमारी, कमलाकांत झा एवं राम बुझावन यादव ‘रमाकर’ द्वारा किया जाएगा।
मिथिला लोक उत्सव 2025-26 न केवल स्थानीय कलाकारों के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेगा, बल्कि यह क्षेत्रीय कला, संस्कृति एवं लोक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
जिला प्रशासन दरभंगा ने आम जनमानस से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal