• जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पेयजल संकट के समाधान हेतु समीक्षा बैठक आयोजित
दरभंगा जिलाधिकारी कौशल कुमार के अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में पेयजल की उपलब्धता एवं संभावित पेय जल संकट से निपटने की तैयारियों को लेकर नगर निगम,नगर परिषद एवं नगर पंचायत के संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक हुई।

बैठक के दौरान नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि दरभंगा नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत सभी वार्डों में दो-दो बोरिंग का कार्य कराया जा चुका है,जिससे पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बताया कि कुछ वार्डों में अतिरिक्त व्यवस्था की आवश्यकता को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
बैठक में जानकारी दी गई कि वार्ड संख्या 03 एवं 07 में पेयजल आपूर्ति की समस्या को देखते हुए बुडको को आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है।
साथ ही पीएचईडी एवं पंचायती राज विभाग की योजनाओं के अंतर्गत संचालित जलापूर्ति योजनाओं के रख-रखाव एवं मरम्मति कार्यों के लिए नीविदा की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी वार्डों में आवश्यकता के अनुसार पानी टैंकर की खरीद सुनिश्चित की जाए,ताकि आपात स्थिति में पेयजल की आपूर्ति बाधित न हो।
उन्होंने सभी वार्डों में उपयुक्त स्थानों की पहचान कर बोरिंग कराने का भी निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पेयजल आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को पूर्व से ही आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों से उनके-उनके क्षेत्राधिकार में आने वाले वार्डों की संख्या,उपलब्ध पानी टैंकरों की संख्या तथा किए गए बोरिंग कार्यों के संबंध में विस्तृत फीडबैक लिया।
बैठक में बताया गया कि विभागीय निर्देशानुसार प्रत्येक वार्ड में कम से कम दो-दो बोरिंग कराया जाना अनिवार्य है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में पेयजल को लेकर किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित खराबियों के त्वरित समाधान के लिए मरम्मति दल का गठन कर लें।
उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहने चाहिए, ताकि योजनाओं का संचालन निरंतर एवं सुचारु रूप से होता रहे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सक्रिय , सतर्क और जवाब देही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया । उन्होंने कहा कि पेयजल से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, बुडको के कार्यपालक अभियंता, नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal