• डीएम ने सड़क निर्माण कार्य का किये निरीक्षण…
• रामनवमी पर्व से पहले पथ को मोटरेबल बनाने का निर्देश

दरभंगा जिलाधिकारी कौशल कुमार ने नाका नम्बर-5 से सीएम आर्ट कॉलेज तक पथ निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता एवं संवेदक को आगामी रामनवमी पर्व को ध्यान में रखते हुए इस पथ को पर्व से पहले मोटरेबल बनाने तथा आवश्यकतानुसार ढलाई कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने सड़क पर पड़े निर्माण सामग्री एवं मलबे को भी रामनवमी से पूर्व अतिक्रमण मुक्त कर सड़क को साफ-सुथरा करने का निर्देश दिया,ताकि आम नागरिकों एवं आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि सड़क के बीच-बीच में कहीं-कहीं बिजली के पोल स्थापित हैं, जिससे यातायात में बाधा उत्पन्न हो सकती है। इस पर जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि वे बिजली विभाग के अभियंता से समन्वय स्थापित कर इन पोलों को यथाशीघ्र सड़क के किनारे स्थानांतरित कराना सुनिश्चित करें।
तत्पश्चात जिलाधिकारी ने मिलान चौक के समीप से उर्दू रोड में मिलने वाली सड़क का भी निरीक्षण किया।
बताया गया कि उक्त सड़क दरभंगा नगर निगम के अधीन है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इस सड़क पर नाला निर्माण कार्य आधा-अधूरा है तथा सड़क पर जल जमाव की स्थिति बनी हुई है।
जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित उपनगर आयुक्त को निर्देश दिया कि आगामी रामनवमी पर्व को देखते हुए इस सड़क पर आवश्यकतानुसार नाला की मरम्मति/समापन कार्य शीघ्र कराते हुए सड़क को मोटरेबल बनाया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
उन्होंने संबंधित अभियंताओं को भी कार्य में तेजी लाने तथा समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि पर्व के अवसर पर शहर में आवागमन सुचारु एवं सुरक्षित रहना अत्यंत आवश्यक है।
सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्राथमिकता के आधार पर कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार,पथ निर्माण विभाग एवं नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal