• जिला गंगा समिति द्वारा आयोजित “गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव 2026” का शुभारंभ
• समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति कौशल कुमार द्वारा “जल अर्पण” एवं जागरूकता पोस्टर के विमोचन के साथ किया गया।

• जिला पदाधिकारी ने कहा कि गंगा एवं अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता,संरक्षण तथा जल संसाधनों के सतत उपयोग के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी पर बल दिया और जल संरक्षण को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण वैश्विक आवश्यकता बताया।
• जिला परियोजना पदाधिकारी फारूक इमाम ने बताया कि आज से शुरू हुए पखवाड़ा में 31 मार्च 2026 विभिन्न जल स्रोतों के नजदीक स्वच्छता श्रमदान,जल संरक्षण शपथ, नुक्कड़ नाटक,पौधारोपण,जनजागरूकता कार्यक्रम तथा महाविद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी।
• जिला पदाधिकारी ने गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया…
• कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में 8 बिहार बटालियन , एनसीसी कैडेट्स, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय अंतर्गत विभिन्न महाविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवक शामिल हुए।
दरभंगा • राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत गंगा एवं सहायक नदियों की स्वच्छता, संरक्षण तथा जल संसाधनों के सतत प्रबंधन के उद्देश्य से जिला गंगा समिति, दरभंगा द्वारा समाहरणालय परिसर, दरभंगा में गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव 2026 का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जल अर्पण एवं गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण से संबंधित पोस्टर का विमोचन कर जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, दरभंगा कौशल कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री राकेश कुमार गुप्ता,उप विकास आयुक्त स्वप्निल,अपर समाहर्ता राजस्व श्री मनोज कुमार, अपर समाहर्ता विभागीय जाँच श्री राकेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन श्री सलीम अख्तर, जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति श्री फारूक इमाम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर *जिला पदाधिकारी, दरभंगा* ने कहा कि गंगा और अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि गंगा भारत की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है और इसकी निर्मलता एवं अविरलता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण एक वैश्विक चुनौती बन चुका है। बढ़ती जनसंख्या, शहरीकरण तथा जल संसाधनों के अत्यधिक दोहन के कारण कई क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसे में जल का विवेकपूर्ण उपयोग,वर्षा जल संचयन तथा स्थानीय जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव जैसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। इस प्रकार के अभियानों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवी संगठनों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा सकता है।
• जिला पदाधिकारी ने जिला गंगा समिति की टीम, एनसीसी एवं एनएसएस के कैडेट्स तथा विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि युवा वर्ग समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवा जल संरक्षण और स्वच्छता के संदेश को अपने परिवार एवं समाज तक पहुँचाएँगे तो यह अभियान और अधिक प्रभावी होगा।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे नदियों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों में कचरा या प्लास्टिक न डालें तथा अपने आसपास के जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और जनसहभागिता के माध्यम से ही गंगा एवं अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखा जा सकता है।
• जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति, दरभंगा फारूक इमाम ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
उन्होंने गंगा स्वच्छता पखवाड़ा की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के माध्यम से नदियों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता के प्रयासों में आम जनमानस की भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा तथा समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित की जाएगी।
वहीं जल महोत्सव का उद्देश्य जल संरक्षण,वर्षा जल संचयन तथा ग्रामीण पेयजल की स्थिरता के प्रति समाज को जागरूक करना है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न जल स्रोतों एवं घाटों पर स्वच्छता के लिए श्रमदान, गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण शपथ, नुक्कड़ नाटक, पौधारोपण, जनजागरूकता कार्यक्रम तथा महाविद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजन में 8 बिहार बटालियन एनसीसी, एनएसएस – ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, जिला जल एवं स्वच्छता समिति तथा नगर निगम दरभंगा का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है।
कार्यक्रम के अंत में जिला पदाधिकारी द्वारा गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। “हम सब ने ठाना है, नदी, तालाबों को स्वच्छ बनाना है।”, “नमामि गंगे, हर हर गंगे !”, “अब हमने यह ठाना है, नदियों को बचाना है।”, “नहीं रुकेंगे, स्वच्छ करेंगे” जैसे नारों के रैली समाहरणालय परिसर से प्रारम्भ होकर निबंधन कार्यालय, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, आयुक्त कार्यालय,ऑडिटोरियम, आदर्श मिडिल स्कूल, के०एम० टैंक शिव मंदिर, लोहिया चौक, लहेरियासराय टावर, लहेरियासराय पोस्ट ऑफिस एवं लहेरियासराय स्टेशन रोड होते हुए विकास भवन तक पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों तथा विद्यार्थियों ने भाग लिया और जल संरक्षण तथा स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
कार्यक्रम का मंच संचालन रौशन उपाध्याय द्वारा किया गया।
कार्यकम में अवर योजना पदाधिकारी आशीष झा, नमामि गंगे के स्वयंसेवक पूजा कुमारी, मणिकांत ठाकुर, मुकेश कुमार झा, संजीव कुमार, संगीता कुमारी, सुनील कुमार, अनुराग कुमार , एनसीसी से हवालदार दीपक कुमार एवं केदार सिंह, सार्जेंट रौशन कुमार, नगर निगम से आशुतोष कुमार ने कार्यक्रम सक्रिय भागीदारी निभाएं।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal