• मॉडल विद्यालय के लिए शिक्षकों के चयन के लिए साक्षात्कार एवं प्रमाण पत्र सत्यापन प्रारंभ

दरभंगा मॉडल विद्यालयों में शिक्षकों के चयन हेतु निर्गत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के आलोक में ई-शिक्षाकोष के माध्यम से प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों के आधार पर अभ्यर्थियों के शैक्षणिक/प्रशैक्षणिक प्रमाण पत्रों एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों के सत्यापन के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया प्रारंभ हुई।
कौशल कुमार जिला पदाधिकारी दरभंगा के निर्देश के आलोक में आज उप विकास आयुक्त, दरभंगा स्वप्निल ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में सत्यापन एवं साक्षात्कार कार्यक्रम का आयोजन किया।
यह प्रक्रिया आज से प्रारंभ होकर दिनांक 25 अप्रैल 2026 तक निर्धारित तिथियों के अनुसार संचालित की जाएगी।
सभी संबंधित शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित तिथि को पूर्वाह्न 09:00 बजे अपने सभी स्वअभिप्रमाणित (Self Attested) आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होंगे।
प्रमाण आधारित मूल्यांकन प्रणाली के अंतर्गत अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रत्येक दावे के समर्थन में संबंधित प्रमाण-पत्र अनिवार्य होंगे। जहाँ आवश्यक हो, वहाँ सक्षम प्राधिकारी द्वारा प्रमाणित दस्तावेज भी प्रस्तुत करना होगा।
बोर्ड/आकलन कार्य से संबंधित अंक केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को प्रदान किए जाएंगे, जो परीक्षक (Examiner), मूल्यांकनकर्ता (Evaluator), केन्द्र अधीक्षक (Center Superintendent), ऑब्जर्वर (Observer) अथवा मास्टर ट्रेनर के रूप में अपने कार्य का प्रमाणिक अभिलेख प्रस्तुत करेंगे।
साथ ही इसके अतिरिक्त, प्रदर्शन के लिए निर्धारित 10 अंकों के दावे की वैधता के लिए विद्यालय स्तरीय नवाचारों के प्रमाण (प्रधानाध्यापक/प्राचार्य द्वारा प्रमाणित), शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) के उपयोग से संबंधित फोटो/नमूने/रिपोर्ट, आईटी आधारित कक्षा शिक्षण के वीडियो/लॉग तथा बोर्ड परीक्षा परिणामों में अभ्यर्थी के योगदान से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
सभी दावों का सत्यापन विद्यालय प्रधान अथवा जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा किया जाना आवश्यक है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समय पर उपस्थित होकर चयन प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग करें।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, वरीय उप समाहर्ता प्रियंका कुमारी, केंद्रीय विद्यालय दरभंगा के प्राचार्य ऋषि रमन, डाइट दरभंगा के प्राचार्य संजय चौधरी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal