• रूद्र सावित्री मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता–2026 का भव्य समापन

दरभंगा रूद्र सावित्री मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता–2026 का भव्य समापन दिनांक 02 मई 2026 को नेहरू स्टेडियम,लहेरियासराय में संपन्न हुआ। इस वर्ष प्रतियोगिता का स्वरूप विस्तार करते हुए इसे प्रखंड स्तर से बढ़ाकर विधानसभा स्तर पर आयोजित किया गया, जिससे खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हुआ।
फाइनल मुकाबला बहादुरपुर एवं हायाघाट विधानसभा क्षेत्र की टीमों के बीच खेला गया। हायाघाट की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर में 117 रन बनाए, जिसमें मनीष (25 रन) एवं अनुराग (20 रन) का उल्लेखनीय योगदान रहा। बहादुरपुर की ओर से आमिर, भास्कर, मनीकांत, त्रिपुरारी एवं अंकित ने 2-2 विकेट प्राप्त किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बहादुरपुर की टीम ने त्रिपुरारी (30 रन), राहुल (29 रन) एवं सरफराज (25 रन) की शानदार पारियों की बदौलत मात्र 13.5 ओवर में 4 विकेट खोकर मैच 6 विकेट से जीत लिया। हायाघाट की ओर से पंकज, अनुराग एवं तौफीक ने 1-1 विकेट लिया।
फाइनल मैच में उत्कृष्ट हरफनमौला प्रदर्शन के लिए त्रिपुरारी को “मैन ऑफ द मैच” घोषित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर त्रिपुरारी को “मैन ऑफ द सीरीज” एवं “बेस्ट बैट्समैन” तथा भास्कर को “बेस्ट बॉलर” का पुरस्कार प्रदान किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि श्री विवेक कुमार सिंह अध्यक्ष रेरा बिहार तथा विशिष्ट अतिथि दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त श्री हिमांशु कुमार राय, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार तिवारी, जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार,वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी, सहायक समाहर्ता सुश्री कल्पना रावत एवं मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एस.पी. सिंह उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने कहा कि खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। इस प्रकार के आयोजनों से खिलाड़ियों की प्रतिभा निखरती है और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने विजेता टीम को बधाई दी तथा अन्य टीमों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मनोज कुमार तिवारी ने खिलाड़ियों के उत्साह एवं अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के टूर्नामेंट युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता अपने दसवें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है,जो इसकी निरंतर सफलता का प्रमाण है।
आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने अपने संबोधन में कहा कि खेल से बच्चों की प्रतिभा का विकास होता है तथा ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
• रेरा,बिहार के अध्यक्ष श्री विवेक कुमार सिंह ने खिलाड़ियों एवं आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रतियोगिताएं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं ।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सचिव जीतेन्द्र कुमार सिंह, सहायक सचिव प्रदीप गुप्ता, जिला खेल संघ के कार्यकारी अध्यक्ष जाबेद अनवर सहित पवन सिंह, अखलाकुर रहमान, दिलीप भगत, देवनन्दन झा एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
यह प्रतियोगिता न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित करती है, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच भी प्रदान करती है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal