15000 से अधिक प्रवासी क्वारंटाइन केन्द्रों में आवासित।
जनप्रतिनिधियों से क्वारंटाइन सेंटर के संचालन एवं खाद्यान्न वितरण में सहयोग की अपील।
असहाय

परिवारों की सूची उपलब्ध करायें, मदद पहुंचायी जायेगी।
पंचम वित्त आयोग के अनुदान राशि से सभी परिवारों को मास्क एवं साबुन का वितरण होगा।
दरभंगा :- नोवल कोरोना महामारी की रोकथाम हेतु 24 मार्च 2020 से देश भर में लॉक डाउन लागू है, तथापि प्रवासी मजदूरों का दरभंगा जिला में बराबर आगमन हो रहा है। जिला में आने वाले प्रवासी मजदूरों को 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन किया जा रहा है। दिनांक 03 मई 2020 से श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के चालू होने के बाद अबतक 15,000 से अधिक प्रवासी मजदूरों का जिला में आगमन हो चुका है। जिन्हें प्रखण्ड स्तरीय क्वारंटाइन केन्द्रों में आवासित किया गया है।
क्वारंटाइन केन्द्रों में आवासित प्रवासियों को आपदा प्रबंधन विभाग के निदेशानुसार रूचिकर भोजन, आराम दायक आवासन एवं बेहतर चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराइ जा रही है।
जिलाधिकारी, दरभंगा डॉ. त्यागराजन एस.एम. द्वारा आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी प्रखण्डों के ग्राम पंचायत मुखिया से वार्त्ता कर उनसे क्वारंटाइन केन्द्रों के संचालन के संबंध में फीडबैक एवं सुझाव प्राप्त किया गया। जनप्रतिनिधियों को कोरोना महामारी की गंभीरता से अवगत कराते हुए उन्हें सभी लोगों को अनिवार्य रूप से मास्क पहनने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, गली-नाली में ब्लीचिंग पाउडर के घोल का छिड़काव कराने की बातें बताई गई। कहा कि सरकार द्वारा सभी परिवारों को 04-04 मास्क एवं एक साबुन मुफ्त में उपलब्ध कराया जा रहा है। यह व्यय पंचम वित्त आयोग के अनुदान मद की राशि से होगी।
इस बैठक में सभी ग्राम पंचायत मुखिया को वार्ड पार्षद के माध्यम से मास्क एवं साबुन का वितरण कराने का निदेश दिया गया। बताया गया कि मास्क का क्रय जीविका संकुल संगठन, खादी ग्रामोद्योग संघ अथवा स्थानीय बाजार से की जा सकती है।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में कतिपय ग्राम पंचायत मुखिया द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट किया गया। इसमें क्वारंटाइन केन्द्रों में अतिरिक्त शौचालय का निर्माण, राशन कार्ड विहीन असहाय परिवारों को तत्काल खाद्यान्न उपलब्ध कराने, कई लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि नहीं प्राप्त होने, पंचायतों में कबीर अंत्येष्टि अनुदान की राशि नहीं रहने, प्रवासियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पंचायतों में भी क्वारंटाइन केन्द्र संचालित कराने, क्वारंटीन केंद्रों में पुख्ता सुरक्षा व्य्वश्था रखने, मुख्यमंत्री परिवहन योजना के फाइनेंसर द्वारा किस्त वसूली का दबाव बनाने आदि शामिल है।
जिलाधिकारी ने सभी ग्राम पंचायत मुखिया से कहा है कि राशन कार्ड विहीन असहाय परिवारों की सूची प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को उपलब्ध कराइ जाये। उन्हें तुरंत सहायता पहुंचाई जायेगी। सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं कबीर अत्येष्टि अनुदान की राशि से संबंधित समस्या का त्वरित निकारण करने हेतु सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को निदेशित किया गया।
वहीं मुख्यमंत्री परिवहन योजना के लाभार्थियों से संबंधित समस्याओं का शीघ्र निराकरण का भी आश्वसन दिया गया।
कहा कि क्वारंटाइन केन्द्रों में सुरक्षा व्यवस्था दुरूस्त करने हेतु वहां अधिक पुलिस बलों एवं चौकीदार की तैनाती शीघ्र की जायेगी।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त डॉ. कारी प्रसाद महतो, प्रशिक्षु आई.ए.एस. प्रियंका रानी, डीपीआरओ सुशील कुमार शर्मा, आपदा प्रभारी पुष्पेश कुमार, सिविल सर्जन आदि उपस्थित थे।
जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी
दरभंगा।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal