भारत विकास परिषद् गरीब व पिछड़े लड़वन्ना गांव में बाँटेगा राहत सामग्री
आगामी

31 मई को लड़बन्ना गांव के सभी परिवारों के बीच बाँटेगा राहत पैकेट भारत विकास परिषद् की विद्यापति शाखा,दरभंगा की कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक महासचिव राजेश कुमार की अध्यक्षता में अल्लपट्टी में संपन्न हुई, जिसमें परिषद् द्वारा गोद लिए गए गांव लरबन्ना, सोनकी,दरभंगा के सभी परिवारों के बीच राहत सामग्री बांटने का निर्णय लिया गया,जिस पर करीब ₹48,000 रुपये व्यय होंगे जो सदस्यों के आर्थिक सहयोग से सम्पन्न होंगे। राहत पैकेट में चुडा, गुड, सत्तू,नमक, सलाई,मोमबत्ती, तौलिया, साबुन,मास्क आदि सामग्री शामिल हैं। सदस्यों के बीच शारीरिक दूरी रखते हुए बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि उक्त गांव के अलावा भी अन्य जगहों पर कोरोना महामारी के प्रति आमलोगों के बीच जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा।
शाखा के सचिव दिवाकर कुमार ने कहा कि विश्वव्यापी कोरोना संक्रमण के बीच शाखा द्वारा राहत पैकेट के साथ ही गांव के लोगों को कोविड-19 के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
परिषद् के उत्तर बिहार प्रांत के संस्कार संयोजक अनिल कुमार ने कहा कि इस संस्था का मूल उद्देश्य समाजसेवा के द्वारा स्वस्थ,समर्थ व संस्कारित भारत का निर्माण करना है। शाखाएं अपने छोटे-छोटे कार्यों के द्वारा जरूरतमंदों की मदद कर, उन्हें जागरूक भी करती हैं।
परिषद् की भारती-मंडन शाखा, दरभंगा के संयोजक डा आर एन चौरसिया ने कहा कि विद्यापति शाखा का यह प्रयास सराहनीय एवं प्रेरक है। परिषद् सदा ही पीड़ित मानव की सेवा में आगे रहता है। यह सदा “सर्वे भवंतु सुखिनः” तथा “वसुधैव कुटुंबकम्” के आधार पर खुशहाल समाज तथा समृद्ध राष्ट्र के निर्माण का प्रयास करता है। शाखा के कोषाध्यक्ष आनंद भूषण ने कहा कि लरबन्ना गांव अत्यंत ही गरीब एवं पिछड़ा है,जहां शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं का घोर अभाव है। परिषद् समय-समय पर वहां स्वेटर, कंबल,चादर, खाद्य सामग्री आदि का वितरण करती है। साथ वहां जन जागरूकता कार्यक्रम भी चलाती है।
अध्यक्षीय संबोधन में परिषद् के उत्तर बिहार शाखा के महासचिव राजेश कुमार ने कहा कि यह संस्था हमेशा मानव सेवा हेतु तत्पर रहती है। हम समय-समय पर रक्तदान, श्रमदान, विद्यादान तथा धनदान कर गरीबों व पिछड़ों का जीवन स्तर उठाने का प्रयास करते हैं,ताकि वे भी समाज के विकास की मुख्यधारा में शामिल हो सकें। आगत अतिथियों का स्वागत सचिव दिवाकर कुमार ने किया,जबकि धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष आनंद भूषण ने किया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal