ट्रेनों में मौत के जिम्मेदारों पर एफ.आई.आर. एवं रेल मंत्री से इस्तीफे की मांग को लेकर “आप” का विरोध प्रदर्शन
पटना,

आम आदमी पार्टी (आप) ने विभिन्न ट्रेनों में मजदूरों व उनके परिजनों की मौत को आपराधिक कृत्य बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर एफ.आई.आर. दर्ज करने तथा गरीब मजदूरों को ट्रेन में भूखा- प्यासा छोड़ने के जिम्मेदार रेल मंत्री पीयूष गोयल से इस्तीफे की मांग को लेकर आज राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया।
आम आदमी पार्टी, बिहार प्रदेश के प्रभारी और राज्यसभा सांसद माननीय श्री संजय सिंह के आह्वान और प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में ट्रेनों में गरीब मजदूरों व परिजनों की मौत को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों पर एफ.आई. आर. और रेल मंत्री पीयूष गोयल के इस्तीफे की मांग को लेकर राज्य स्तरीय व्यापक विरोध प्रदर्शन किया गया। विरोध प्रदर्शन प्रदेश अध्यक्ष ने अपने गृह जिला छपरा के गांव में किया जबकि राज्य के विभिन्न जिलों में जिला अध्यक्षों के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार सिंह ने एक बयान जारी कर कहा कि केंद्र सरकार की लापरवाही की वजह से बहुत सारे मजदूरों ने अपने परिजनों को खोया है, आखिर इसका जिम्मेदार कौन है? उन्होंने कहा कि हवाई जहाज वालों को समय पर पहुंचाया जाता है, जबकि हवाई चप्पल वालों को ट्रेन से कई दिनों तक क्यों घुमाया जाता है?
उन्होंने कहा कि करीब 10 से ऊपर बिहार के मजदूर या उनके परिजनों की मौत ट्रेन में यात्रा के दौरान हो गई। रेलवे द्वारा चलाई जा रही सभी स्पेशल ट्रेनों में होने वाली लापरवाही मजदूर वर्ग के साथ घिनौना मजाक है। 40 ट्रेनें रास्ता भटक जाती हैं। 2 दिन की दूरी 9 दिनों में पूरी होती है। रेल के अंदर न खाने की व्यवस्था है न पीने की। मजदूरों को अपने हाल पर छोड़ दिया गया है। उल्लेखनीय है कि मुजफ्फरपुर में दो, जहानाबाद में एक, बेगूसराय में एक, गया में दो, सासाराम में एक मजदूर या परिजनों की मौत ट्रेनों में सफर के दौरान हुई।
उन्होंने कहा कि रेल मंत्री पीयूष गोयल की कुप्रबंधन और संवेदनहीनता के कारण देश के गरीब रेल सफर में भूख-प्यास से तड़प कर मर रहा है।इस आपराधिक कृत्य को मानते हुए नीति के आधार पर उन्हें तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
राज्यव्यापी प्रदर्शन के दौरान आप कार्यकर्ताओं ने कोरोना महामारी के नियमों का पालन करते हुए अपने- अपने घरों के बाहर तख्ती पर विभिन्न स्लोगन लिखकर विरोध प्रदर्शन किया। स्लोगन में लिखा था–“गरीब विरोधी भाजपा सरकार, होश में आओ”, ” गरीब मजदूरों की मौत का जिम्मेदार कौन,भाजपा सरकार जवाब दो”, “गरीब मजदूर त्रस्त, भाजपा सरकार मस्त”,” गरीब मजदूरों की जान है अटकी, भाजपा सरकार की ट्रेन है भटकी”,” रेल मंत्री हैं फेल, पीयूष गोयल इस्तीफा दो, इस्तीफा दो।”
आज के विरोध प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कुमार, प्रदेश महासचिव राकेश यादव, प्रदेश सचिव श्रीवत्स पुरुसोत्तम,उमाशंकर सिंह, पंकज कु सिंह, प्रदेश अधिवक्ता मंच अध्यक्ष रागिनी लता सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष उमा दफ्तुआर, प्रदेश प्रवक्ता अमर यादव, मुन्ना जायसवाल, विक्टर झा, हेमनारायण जी, बबलू प्रकाश,पटना जिला अध्यक्ष चौधरी ब्रम्हप्रकाश,उमेश सिंह, कृष्ण मुरारी सहित हजारों कार्यकर्त्ता लोगों ने हिस्सा लिया।
एडिटर अजित कुमार सिंह (दरभंगा news 24 live )
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal