ट्रेनों में मौत राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित “मर्डर” है : आप
पटना आम आदमी पार्टी (आप ) ने ट्रेनों में सफर के दौरान बिहारी प्रवासी मजदूरों या उनके परिजनों के मौत के मामले को पटना हाई कोर्ट द्वारा स्वत संज्ञान में लेने का स्वागत करते हुए राज्य की नीतीश सरकार पर बड़ा हमला बोला

है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि यह राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित “मर्डर” है और सरकार गवर्नेंस के मामले में पूरी तरह विफल और नाकारा साबित हुई है।
आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ शशिकांत ने एक बयान में पटना हाई कोर्ट द्वारा मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर गत 25 मई को दो लोगों की मौत के मामले का स्वत: संज्ञान लेने का स्वागत करते हुए आरोप लगाया कि यह मामला नीतीश सरकार की न केवल प्रशासनिक विफलता है बल्कि असंवेदनशीलता का भी परिचायक है।
उल्लेखनीय है की पटना हाईकोर्ट ट्रेनों में हुई मौत और राज्य में स्थित क्वॉरेंटाइन सेंटर की कुव्यवस्था पर आगामी 3 जून को सुनवाई करेगी। पटना हाईकोर्ट ने अखबार में छपी मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर गत 25 मई को 2 लोगों की मौत के मामले में स्वत संज्ञान लिया है। इस मामले में केंद्र सरकार के साथ ही राज्य सरकार से भी जवाब-तलब किया है। याद हो कि मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर एक 4 वर्षीय बच्चे और एक अन्य घटना में भूख-प्यास से एक महिला की मौत हो गई थी।
आप के मुख्य प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि नीतीश सरकार न केवल असंवेदनशील सरकार है बल्कि अपने ही राज्य के प्रवासी मजदूरों को वापस बुलाने में पहले आनाकानी करती रही, लेकिन जब दबाव पड़ा वह बिना किसी इंतजाम के ट्रेन यात्रियों को अपने ही हाल पर छोड़ दिया है जिसके कारण ट्रेन के अंदर खाने- पीने की ना कोई व्यवस्था है और ना ही कोई सुरक्षा। नीतीश सरकार की असंवेदनशीलता का इससे बड़ा उदाहरण क्या हो सकता है कि दिल्ली जैसी राज्य सरकारों ने इन प्रवासी मजदूरों का ट्रेन किराया का भुगतान खुद किया जबकि नीतीश सरकार इन मजदूरों से पहले ट्रेन टिकट खरीद कर बिहार के क्वॉरेंटाइन सेंटर में आने के बाद भुगतान करने की बात करती रही। सवाल यह उठता है कि जब इन गरीब मजदूरों के पास खाने-पीने की व्यवस्था ही नहीं थी, उनके पास एक पैसा नहीं था तब वह टिकट कटा कर कैसे आते? जब वह यहां आते हैं तो ऐसे क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखा जाता है जहां खाने-पीने की कोई व्यवस्था है न ही कोई सुरक्षा है, न ही कोई चिकित्सा व्यवस्था है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है।
एडिटर अजित कुमार सिंह (दरभंगा news 24 live)
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal