एनएसएस तथा भारत विकास परिषद् के संयुक्त तत्वावधान में चलाया गया जन जागरूकता अभियान
सामूहिक जिम्मेदारी से रुकेगा विश्वव्यापी कोरोना महामारी-डा मुश्ताक

एक सौ से अधिक गरीबों व जरूरतमंदों के बीच बाँटा गया साबुन और मास्क
मास्क पहनने तथा साबुन से बराबर हाथ धोने से कोरोना संक्रमण का खतरा न्यूनतम हो जाता है। घर से बाहर निकलने पर हर व्यक्ति को अतिरिक्त सावधान रहने की जरूरत है। सामूहिक जिम्मेवारी से ही विश्वव्यापी कोरोना महामारी पर रोक संभव है। कोरोना से डरने की नहीं,बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को उससे लड़ने हेतु आगे आने की जरूरत है। आज यह महामारी राष्ट्रीय आपदा तथा विश्व के लिए चुनौती बन चुकी है। उक्त बातें सी एम कॉलेज, दरभंगा के प्रधानाचार्य डा मुश्ताक अहमद ने भारत विकास परिषद् की भारती-मंडन शाखा, दरभंगा तथा महाविद्यालय की एनएसएस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच साबुन एवं मास्क वितरण सहित जन- जागरूकता कार्यक्रम का सी एम कॉलेज परिसर में शुभारंभ करते हुए कहा।उन्होंने कहा कि इस काल में एनएसएस स्वयंसेवक, एनजीओ,पत्रकार आदि का कार्य सराहनीय है।
परिषद् के भारती-मंडन शाखा के संयोजक डा चौरसिया ने कहा कि कोरोना महामारी मानवीय त्रासदी है, जिसका मुकाबला हम सतर्क व जागरूक होकर ही कर सकते हैं। इसके बचाव हेतु सिर्फ सरकार के भरोसे हाथ पर हाथ रखकर बैठना नाइंसाफी होगी,बल्कि समर्थ लोगों को आगे आकर तन-मन-धन से कोविड-19 से समाज को बचाना समय की मांग है।
कार्यक्रम में एनएसएस पदाधिकारी प्रो अखिलेश कुमार राठौर,परिषद् के प्रांतीय संस्कार संयोजक अनिल कुमार तथा भारती-मंडन शाखा,दरभंगा के संयोजक डा आर एन चौरसिया, स्वयंसेवक अनिमा सिन्हा,श्रेया कुमारी,नीली रानी,पुरुषोत्तम कुमार चौधरी, मो मुजम्मिल रजा, मो शहजाद आलम,मो कादिर आदि ने महाविद्यालय के कर्मचारियों,सुरक्षाकर्मियों तथा गरीब व जरूरतमंद लोगों,रिक्शा-ठेला चालकों सहित आमलोगों के साथ ही किलाघाट तथा बाजितपुर आदि मोहल्लों में सौ से अधिक व्यक्तियों को परिषद् द्वारा उपलब्ध कराये गये एक सौ साबुन तथा सवा सौ से अधिक मास्क का वितरण करते हुए कोरोना महामारी से बचने के तरीकों को बताया।
एडिटर अजित कुमार सिंह (दरभंगा news 24 live)
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal