स्वैच्छिक रक्तदान दाता तथा ग्रहणकर्ता दोनों के लिए लाभप्रद–डा शाही
भारत विकास परिषद् की भारती-मंडन शाखा के तत्वावधान में हुआ स्वैच्छिक रक्तदान
अमूल्य मानवीय रक्त का अब तक कोई अन्य विकल्प नहीं–डा चौरसिया
महथोर,

मनीगाछी निवासी ललन सिंह के लिए परिषद् ने डीएमसीएच में कराया रक्तदान
रक्तदान को महादान कहा जाता है। स्वैच्छिक रक्तदान दाता तथा ग्रहणकर्ता दोनों के लिए लाभप्रद है। कोई भी 18 से 65 वर्ष का स्वस्थ व्यक्ति हर तीन-चार माह के अंतराल पर रक्तदान कर सकता है। इससे थैलेसीमिया, रक्तकैंसर, एनीमिया व हेमोफीलिया रोगियों के साथ ही दुर्घटनाग्रस्त तथा ऑपरेशन वाले लोगों की जान बचाई जा सकती है। एक वयस्क व्यक्ति के शरीर में 5 से 6 लीटर खून होता है, जिसमें से मात्र 350 मिली रक्तदान किया जाता है। उक्त बातें इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, दरभंगा इकाई के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध सर्जन डा बी बी शाही ने भारत विकास परिषद् की भारती-मंडन शाखा, दरभंगा के तत्वावधान में महथोर, मनिगाछी निवासी किसान ललन सिंह के लिए डीएमसीएच में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान के अवसर पर कहा। डा शाही ने कहा कि रक्तदान से व्यक्ति में किसी प्रकार की हानि नहीं होती है। रक्तदान से रक्तदाता की हेपेटाइटिस बी व सी, एड्स, मलेरिया आदि पांच रोगों की नि:शुल्क स्वत: जाँच हो जाती है।
मारवाड़ी महाविद्यालय, दरभंगा के एनएसएस स्वयंसेवक एवं रक्तदाता मुकेश कुमार झा ने कहा कि रक्तदान करना मुझे बहुत ही अच्छा लगता है। इससे शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं होती है, बल्कि नए रक्त तीव्र गति से बनने से शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है। मैंने अब तक 10-11 बार रक्तदान किया है। रक्तदान के प्रति अधिकांश लोगों में उदासीनता एवं समाज में फैली गलत धारणाएं चिंतनीय हैं।
स्थानीय डा यू सी झा,बेंता में इलाजरत किडनी व लीवर के पेशेंट ललन सिंह के पुत्र चंदन सिंह ने कहा कि मुझे काफी प्रसन्नता हो रही है कि इस रक्तदान से मेरे पिताजी की जीवन की रक्षा होगी। इसके लिए मैं भारत विकास परिषद् तथा रक्तदाता मुकेश कुमार झा का सदा आभारी रहूंगा, क्योंकि मुझे परिषद् के कारण आसानी से रक्त प्राप्त हो गया।
भारत विकास परिषद् की भारती-मंडन शाखा, दरभंगा के संयोजक डा आर एन चौरसिया ने कहा कि रक्तदान पीड़ित मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। रक्तदान जीवनदान सदृश्य होता है, क्योंकि मानवीय रक्त अमूल्य है, जिसका अब तक कोई विकल्प नहीं है। हमारा संगठन निरंतर इस तरह के सामाजिक कार्यों में आगे रहेगा।
इस रक्तदान पर मारवाड़ी महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डा श्यामचंद्र गुप्त, एनएसएस पदाधिकारी डा अवधेश प्रसाद यादव, डा आर एन चौरसिया,अभय कुमार, कुंदन कुमार, प्रणव नारायण,पार्षद अनिल कुमार, डा अंजू कुमारी, डा के के चौधरी, श्रीरमण अग्रवाल व राजकुमार गणेशन आदि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए, इसे प्रशंसनीय एवं अनुकरणीय बताया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal