बाढ़ आपदा- 2019 में हुए गृह क्षति की राशि तुरंत भुगतान करने का निर्देश।

– जिलाधिकारी, दरभंगा डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने अंचलाधिकारियों को 02 दिनों के अंदर बाढ़ आपदा – 2019 में हुए गृह क्षति से पीड़ित परिवारों का फोटोग्राफ एवं उसका जियो टैगिंग कर अनुमंडल अधिकारियों को अनुशंसा करने का निर्देश दिया।
अंचलों में राशि भुगतान होने में होने वाली परेशानी को कम करने के लिए पुनः जियो टैगिंग कर पुराने फोटो एवं नए फोटो का मिलान कर आवेदन को अनुशंसित करने का भी निर्देश दिया गया ताकि राशि का भुगतान तुरंत किया जा सके।
समीक्षा में पाया गया कि 425 व्यक्तियों के आवेदनों का सत्यापन कर पोर्टल पर सूचना डाल दी गई है तथा राशि की भुगतान की जाएगी। इसमें अलीनगर में 254, मनीगाछी में 90, कुशेश्वरस्थान पूर्वी में 24 तथा तारडीह में 57 आवेदन सम्मिलित हैं।
हनुमाननगर, सिंहवाड़ा, घनश्यामपुर, गौड़ाबौराम, किरतपुर अंचल के अंचलाधिकारियो को बाकी बचे व्यक्तियों का फोटो एवं जियो टैगिंग कराकर अनुशंसित आवेदनों को तुरंत भेजने का निर्देश दिया गया। जिसकी पुनः समीक्षा जिलाधिकारी द्वारा 3 जुलाई 2020 को की जाएगी।
इस बैठक में अपर समाहर्ता विभूति रंजन चौधरी, सहायक समाहर्ता प्रियंका रानी, आपदा प्रभारी पुष्पेश कुमार, आपदा नियंत्रण कक्ष प्रभारी सत्यम सहाय, प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी राजीव झा आदि उपस्थित थे।
प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी
दरभंगा।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal