Breaking News

दरभंगा कोरोना से बचाव को लेकर की गई बैठक बिना मास्क के चलने वालों पर किया जायेगा जुर्माना।

समाहरणालय, दरभंगा
(जिला सूचना एवं जन सम्पर्क कार्यालय)

कोरोना से बचाव को लेकर की गई बैठक
बिना मास्क के चलने वालों पर किया जायेगा जुर्माना
दरभंगा

रिपोर्ट अविनाश कुमार

दरभंगा के अम्बेदकर भवन हॉल में जिलाधिकारी, दरभंगा डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में कोरोना से बचाव व सुरक्षा को लेकर नगर निगम, दरभंगा के पार्षदों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई।
बैठक को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शहरी क्षेत्र में कोविड-19 के तीव्र गति से संक्रमण को रोकने के लिए आज की यह बैठक बुलाई गई है।
गौरतलब है कि ग्रामीण क्षेत्र में 02 प्रतिशत् संक्रमण है, जबकि शहरी क्षेत्र में 08 से 10 प्रतिशत् संक्रमण हो रहा है। लॉकडाउन के उपरांत अनलॉक किये जाने के बाद कोरोना के संक्रमण में तेजी आयी है। जिन-जिन क्षेत्रों में संक्रमण ज्यादा फैल रहा है, वहाँ के कंटेनमेंट जोन को बढ़ाना होगा। अभी तक छोटी-छोटी परिधि में फ्लैट को सील किया गया है।
उन्होंने कहा कि दोनार क्षेत्र में, बड़ा बाजार एवं बेंता में हाल ही में पॉजिटिव के कई मामले पाये गये हैं, वहाँ के कंटेनमेंट जोन में एस.ओ.पी. को बलपूर्वक लागू करवाना होगा। 02 जुलाई 2020 को सरकार के द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी प्रतिष्ठान के कर्मी एवं वाहन चालकों एवं सवारी को मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। अब यदि किसी प्रतिष्ठान द्वारा मास्क का प्रयोग नहीं किया जाता है, तो उसे 03 दिनों के लिए बंद करा दिया जायेगा, यदि किसी वाहन चालक व सवारी के द्वारा उल्लंघन किया जाता है, तो जुर्माना किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभी भी मास्क के प्रति लोगों में उतनी जागरूकता देखने को नहीं मिल रही है। बहेड़ी जाने के क्रम में मैंने पाया कि कई लोग बिना मास्क के चल रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, सभी थानाध्यक्ष, सभी बी.डी.ओ. एवं सभी सी.ओ. को जुर्माना करने का अधिकार दिया गया है। बिना मास्क के पाये जाने पर संबंधित को 50 रूपये जुर्माना किया जाय।
उन्होंने कहा कि सभी अनुमण्डल पदाधिकारी को नेतृत्व प्रदान करना होगा और प्रतिदिन इस अभियान की निगरानी करनी होगी।
उन्होंने कहा कि जिला परिवहन पदाधिकारी को भी एम.वी. एक्ट में जुर्माना करने का प्रावधान दिया गया है। वे धारा 179 के अन्तर्गत जुर्माना कर सकते हैं। साथ ही मास्क नहीं पहनने के लिए भी 50 रूपये जुर्माना किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार के आदेश का उल्लंघन कर वाहन चलाने पर 02 हजार रूपये जुर्माना निर्धारित है। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहनकर नहीं चलने पर 50 रूपये जुर्माना लगेगा। इसके साथ ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता की आवश्यकता है।
उन्होंने नगर आयुक्त श्री घनश्याम मीणा को जागरूकता हेतु 10 जागरूकता रथ प्रतिदिन निकालने के निदेश दिये। इसके साथ ही टैक्स दारोगा, सिटी मैनेजर के द्वारा भी आज से जुर्माना संग्रहण करने की शुरूआत करने के निदेश दिए।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में नगर निगम एवं नगर परिषद्, बेनीपुर की अहम भूमिका रहेगी। नगर निगम अपने क्षेत्र के सभी संबंधित थाना के साथ 05-05 टीम बना लें और प्रत्येक टीम कम से कम 25 स्थलों पर मास्क प्रयोग की जाँच करें तथा 01 टीम कम से कम 50 लोगों को फाइन करें।
उन्होंने कहा कि इस अभियान से गरीब लोग ज्यादा परेशान न हो, इसका भी ध्यान रखा जाय। उन्होंने कई जिलों के आँकड़े प्रस्तुत कर बताया कि दरभंगा में कोरोना की जाँच ज्यादा हो रही है। अब तक 9250 जाँच की गई जिनमें 364 पॉजिटिव निकले हैं। मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी एवं मधुबनी सहित अन्य कई जिलों में की गयी जाँच और पॉजिटिव मामले का अनुपात दरभंगा जिला से कहीं ज्यादा है। दरभंगा का प्रतिशत 3.96 है, जबकि मुजफ्फरपुर का 4.98 और मधुबनी का 7.05 प्रतिशत है।
उन्होंने जन सम्पर्क विभाग को लोगों में जारूकता लाने के लिए कोविड 19 के उल्लंघन के मामले में कृत कार्रवाई का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निदेश दिया, ताकि लोगों में जागरूकता आ सके।
बैठक में दरभंगा नगर के माननीय विधायक श्री संजय सरावगी ने कहा कि कंटेनमेंट जोन में सख्ती बरती जानी चाहिए। सभी लोग मास्क पहन कर ही चलें, बिना मास्क के चलने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और जहाँ भी कोरोना के अधिक पॉजिटिव मामले आ रहे हैं, वहाँ काँटेन्मेंट जॉन बनाया जाए तथा वहाँ का क्षेत्र सील होना चाहिए।
साथ ही संबंधित थाना जिनके क्षेत्र में शादी-विवाह का आयोजन हो रहा है, वहाँ भी पूर्व से आयोजकों को आगाह कर दे कि 50 लोगों से अधिक व्यक्ति समारोह एकत्रित न हो। साथ ही आयोजन में मास्क एवं सोशल डिस्टेसिंग का पूर्णतः प्रयोग किया जाय।
दरभंगा नगर निगम के महापौर श्रीमती बैजंयती देवी खेड़िया एवं उप महापौर बदरुजमा खां उर्फ बॉबी ने भी एस.ओ.पी. को सख्ती से लागू करने के सुझाव दिये। कई पार्षदों ने माँग की कि कोरोना पॉजिटिव के आइसोलेशन के लिए किसी अच्छे होटल को चिन्ह्ति किया जाए, जो कोरोना के प्रभावित हैं, वे अपने भुगतान पर वहाँ रहने को तैयार हैं। वार्ड पार्षदों ने बताया कि गाँधी चौक से टावर चौक, बच्चा वार्ड से बेंता चौक तथा मिलान चौक के पास कंटेनमेंट जोन बनाये जाने की आवश्यकता है। साथ ही यह भी सुझाव दिया गया कि दरभंगा शहर में 05 मॉल हैं, जिनमें से 03 को सील किया गया है, शेष 02 को भी सील किया जाना चाहिए।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक श्री योगेन्द्र कुमार ने सभी पुलिस उपाधीक्षक एवं थानाध्यक्ष को सम्बोधित करते हुए कहा कि पालीगंज की घटना से सबक लेनी होगी। शादी-समारोह में कोविड-19 के लिए जारी आदेश का अनुपालन यदि नही किया जा रहा है तो मैरेज हॉल के मालिक और आवेदक दोनों पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाय।
उन्होंने सभी थानाध्यक्ष को कोविड-19 के लिए 01-01 पदाधिकारी को नामित करने का निदेश दिया। साथ ही थानाध्यक्ष को भीड़-भाड़ वाले क्षेत्र में 01-01 घंटा मास्क की जाँच करने का निदेश दिया।
जिलाधिकारी ने डी.पी.एम. (स्वास्थ्य) को 15 हजार चालान रसीद छपवाकर सभी थानों को उपलब्ध करा देने के निदेश दिए।
अनुमण्डल पदाधिकारी, बेनीपुर ने बताया कि कोविड-19 के लिए जारी आदेश के उल्लंघन के मामले में 09 दुकानों को सील किया गया है तथा मास्क न पहनने वालों से 09 हजार रूपये जुर्माना वसूली की गई है।
अनुमण्डल पदाधिकारी, बिरौल द्वारा बताया गया कि कोविड-19 के लिए जारी आदेश के उल्लंघन के मामले में 07 दुकानों को सील किया गया है तथा 19, 500 रूपये जुर्माना की वसूली की गई है।
जिला परिवहन पदाधिकारी, दरभंगा श्री रवि कुमार ने बताया कि कोविड-19 के उल्लंघन के मामले में अबतक 70,000 रूपये की वसूली वाहनों की जाँच के दौरान की गई है।
अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर श्री राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके द्वारा कोविड-19 के उल्लंघन के मामले में अबतक 19 प्रतिष्ठानों को सील किया गया है। जिलाधिकारी ने घनश्यामपुर और कुशेश्वरस्थान पूर्वी में भी अभियान चलाने के निदेश दिए।
जिलाधिकारी ने आज से प्रतिदिन शाम में गोपनीय शाखा में कोविड-19 के उल्लंघन के मामले में किये गए कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन सभी संबंधित को उपलब्ध कराने के निदेश दिए।
उक्त बैठक में दरभंगा नगर निगम के महापौर, उप महापौर, नगर पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, दरभंगा नगर निगम, संबंधित पार्षदगण एवं संबंधित क्षेत्र के थानाध्यक्ष उपस्थित थे।
उप जन सम्पर्क निदेशक
दरभंगा प्रमण्डल, दरभंगा।

Check Also

दरभंगा • डी एम सी एच में इलाज़रत पीड़ित से मिला माले नेताओं की टीम 

🔊 Listen to this   • डोमू राम के हमलावरो को गिरफ्तार करें पुलिस – …