वर्षा के जल-जमाव तथा प्रशासनिक उदासीनता से बेलादुल्ला निवासी त्रस्त
समुचित जल-निकासी की व्यवस्था न होना जलजमाव का मूल कारण- अविनाश
जल-निकासी की मुकम्मल व्यवस्था ही होगा समस्या का स्थाई निदान- डा चौरसिया
जल-बहाव हेतु नगर निगम, जिला प्रशासन व विधायक को भेजा गया त्राहिमाम संदेश
पिछले कई दिनों से हो रही झमाझम बारिश के कारण दरभंगा नगर निगम के वार्ड नंबर 3 में स्थित बेलादुल्ला में जलजमाव की स्थिति गंभीर हो जाने से जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है। अब तो गंदे पानी के सड़ने से बीमारियों के फैलने का खतरा भी उत्पन्न हो गया है। मोहल्ला के अनेक सड़कों व गलियों में घुटना से लेकर कमर तक पानी लगा हुआ है। नगर निगम तथा जिला प्रशासन को पिछले 17 जुलाई को त्राहिमाम संदेश भेजा गया था,पर अब तक कोई मुकम्मल व्यवस्था नहीं की गई है। इस जलजमाव से लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बेलादुल्ला निवासी अविनाश कुमार का कहना है कि इस मोहल्ला के कगवांगुमटी से रानीपुर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क में बने अधिकांश पुल-पुलियाँ के पास लोगों ने मिट्टी भरकर अपना घर बना लिया है, जिसके कारण वे बंद हो गए हैं।अथवा उनसे धीमी गति से जल निकासी हो रही है।उधर कादिराबाद, शिवधारा, आजमनगर, बेलाशंकर, सुंदरपुर और बेलागार्डन आदि मुहल्लों से जल का बहाव प्रशासन ने बेलादुल्ला तक करा कर छोड़ दिया है। स्थानीय निवासी डा आर एन चौरसिया ने कहा कि जब तक यहां से आगे जल-बहाव की समुचित व्यवस्था नहीं होगी, तब तक स्थाई निदान असंभव है।
वैसे तो यहां के सभी निवासी कष्टपूर्ण जीवन यापन कर रहे हैं, पर जिनके घर या फर्क कच्चे हैं तथा मवेशी रखे हुए हैं,उनका जीवन नारकीय बन गया है।अन्नु झा ने कहा कि यहां के वार्ड पार्षद देवकी देवी का हाल ही में निधन हो गया है,इस कारण इस मोहल्ले को देखने वाला भी कोई नहीं है। मुहल्ला स्थित एकमात्र सरकारी मध्य विद्यालय, बेलादुल्ला पूरी तरह वर्षा- पानी से घिरा हुआ है। अनिल कुमार ठाकुर ने कहा कि कई लोग रेलवे लाइन व सड़कों पर शरण लिए हुए हैं। जिन्हें कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
टुनेन्द्र महतो ने कहा कि हम लोगों के घर में भी पानी कई दिनों से है जो अभी भी बढ़ रहा है।
आज मोहल्ला के अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विभिन्न सड़कों व गलियों में घूम-घूम कर स्थिति को देखा तथा एक बार पुनः प्रेस व मीडिया के माध्यम से भी दरभंगा नगर निगम, जिला प्रशासन तथा स्थानीय विधायक को स्थिति से अवगत करा कर शीघ्र निदान की गुहार लगाने का निर्णय लिया, जिनमें डा आर एन चौरसिया,अविनाश झा, राकेश कुमार, अनु झा, डा बिधानचंद्र चौधरी, अनिल कुमार ठाकुर,ज्योति कुमारी, शंभू महतो, श्रवण कुमार, धर्मलाल यादव, टूनेन्द्र महतो, शंकर महतो, कमल चौधरी, गुड्डू महतो, हेनरी बप्टीस आदि शामिल हैं।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal