Breaking News

बिहार दिवस के अवसर पर मा0मुख्यमंत्री ने बिहार वासियों को दी शुभकामनाएं

 

बिहार दिवस के अवसर पर मा0मुख्यमंत्री ने बिहार वासियों को दी शुभकामनाएं

 

जल-जीवन- हरियाली अभियान के कार्यों की हुई चर्चा
सीएम ने कोरोना से सचेत रहने को दी हिदायत
शिक्षा की बदौलत ही बिहार का विकास संभव

दरभंगा  109वें बिहार दिवस के अवसर पर पटना के ज्ञान भवन में जल-जीवन-हरियाली विषय पर शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा बिहार दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मुख्यमंत्री बिहार, श्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार का अतीत गौरवशाली रहा है। पाटलिपुत्र से भारत के विशाल क्षेत्र में शासन किया जाता था। यह ज्ञान एवं मोक्ष की भूमि है यहां महात्मा बुद्ध और महावीर ने ज्ञान प्राप्त किया। बिहार दिवस के अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति एवं
माननीय प्रधानमंत्री द्वारा भी शुभकामनाएं दी गई है।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य है कि समाज में प्रेम और भाईचारे का भाव हो, लोग एक दूसरे की मदद करें, ज्ञान और मोक्ष की भूमि के सभी लोग पढ़े-लिखें व ज्ञानी बने।
बिहार में जनसंख्या वृद्धि दर को देखते हुए ही बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया। क्योंकि, देखा गया है कि लड़कियां यदि इंटर तक पढ़ाई कर ले तो, प्रजनन दर घटेगी। इसलिए लड़कियों को पढ़ने हेतु प्रोत्साहन दिया जा रहा है, ताकि जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण हो सके और इसमें सफलता भी मिली है आज मैट्रिक की परीक्षा में छात्र और छात्राओं की संख्या बराबर हो गई है।
शिक्षा पर जोर इसलिए है कि जब सभी शिक्षित होंगे तभी हम बिहार के उस गौरवशाली स्थान को पुनः प्राप्त कर सकेंगे। सरकार द्वारा सबके स्वास्थ्य पर ध्यान दिया जा रहा है, जिला अनुमंडल प्रखंड स्तर पर अस्पतालों के भवनों का निर्माण कराया गया। चिकित्सीय उपकरण उपलब्ध कराया गया, प्रशासनिक सुधार का काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सभी लोगों को जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र समय पर मिल सके इसके लिए लोक सेवा अधिकार अधिनियम शुरू किया गया।
शिकायतों का ससमय निपटारा करने हेतु लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम बना।
उन्होंने कहा कि आज का विषय जल-जीवन-हरियाली रखा गया है। क्योंकि जल और हरियाली है तो जीवन है इसके लिए 13 जुलाई 2019 को विधानमंडल में 8 घंटे तक बैठक हुई और ग्यारह योजनाएं बनाई गई जिनमें से 07 जल संरक्षण से संबंधित है, और एक वृक्षारोपण से, 09 वां मौसम अनुकूल कृषि तथा फसल प्रबंधन से, 10वां सौर ऊर्जा को प्रोत्साहन और 11वां जल-जीवन-हरियाली के लिए लोगों में जागरूकता बनाए रखने से संबंधित है।
उन्होंने कहा कि जल जीवन हरियाली अभियान के तहत बिहार में बहुत काम हुआ है इसकी चर्चा बिहार के बाहर हो रही है। बिहार में 15 हजार 229 जल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। 5 एकड़ से कम जमीन वाले 6425 तलाब एवं 5 एकड़ से अधिक जमीनवाले 696 तलाब का निर्माण कराया गया है।
10169 सार्वजनिक कुओं का जीर्णोद्धार कराया गया, 13802 कुओं के पास एवं 1लाख 37 हजार 590 चापाकल के पास सोख्ता का निर्माण कराया गया।
छोटी नदी एवं पहाड़ी क्षेत्रों में 8586 चेक डैम का निर्माण कराया गया। 12 हजार 101 नए जल स्रोतों का निर्माण कराया गया।
14136 छत-वर्षा जल संचयन की व्यवस्था कराई गई है। 5 जून 2020 को कोरोना रहने के बावजूद लक्ष्य से अधिक 03 करोड़ 90 लाख वृक्षारोपण कराया गया। गंगा जल उद्वह योजना पर तेजी से काम हो रहा है। वर्षा के दिनों में गंगा के अतिरिक्त जल को इस योजना के माध्यम से नालंदा, नवादा, गया और बोधगया तक पहुंचाया जाएगा।
इसकी चर्चा देश के बाहर भी हो रही है। जल-जीवन-हरियाली योजना से प्रभावित होकर यूनाइटेड स्टेट में 24 सितंबर 2020 को आयोजित उच्च स्तरीय राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस में बोलने के लिए मुझे बुलाया गया।
उन्होंने कहा कि तालाब और पोखर की देखभाल जीविका दीदी के द्वारा किया जाएगा। मौसम के अनुकूल खेती की शुरुआत 08 जिलों में की गई है अब इसे पूरे बिहार में इसे लागू किया जाएगा। फसल अवशेष प्रबंधन की व्यवस्था भी की जा रही है।
उन्होंने कई राज्यों में कोरोणा के पुनः बढ़ते संक्रमण का जिक्र करते हुए बिहार वासियों को सचेत रहने को कहा।
उन्होंने शिक्षा विभाग एवं अन्य सभी विभाग को अपने सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत बिहार गीत से करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बिहार दिवस के अवसर पर बिहार वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी।
इसके पूर्व बिहार के माननीय उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी तथा शिक्षा विभाग के माननीय मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित किया एवं बिहार के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया तथा बिहार दिवस कार्यक्रम की शुरुआत करने के लिए माननीय मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री संजय कुमार ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि बिहार का अतीत गौरवशाली रहा है। यहां के शिक्षा का सुनहरा अतीत है और सुनहरा भविष्य इसकी ओर देख रहा है।
कार्यक्रम में बिहार के मुख्य सचिव श्री अरुण कुमार सिंह, विकास आयुक्त जनाब आमिर सुबहानी, माननीय मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के प्रधान सचिव श्री चंचल कुमार, योजना एवं विकास विभाग के सचिव श्री मनीष कुमार वर्मा, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव श्री अनुपम कुमार शिक्षा विभाग के सचिव श्री असंगबा चुबा आओ, माध्यमिक शिक्षा निदेशक श्री गिरिवर दयाल, राज्य परियोजना परिषद एवं शिक्षा परियोजना परिषद निदेशक श्री संजय सिंह उपस्थित थे।
दरभंगा अंबेडकर सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया, वन प्रमंडल पदाधिकारी,दरभंगा श्री चंचल प्रकाश, अपर समाहर्ता श्री विभूति रंजन चौधरी, अपर समाहर्ता विभागीय जांच श्री अखिलेश प्रसाद सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री अजय कुमार, सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी श्री राजीव कुमार झा, उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री अजय कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

Check Also

 • मस्तिष्क ज्वर/चमकी बुखार को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण… 

🔊 Listen to this   • मस्तिष्क ज्वर/चमकी बुखार को लेकर जिला स्तरीय प्रशिक्षण…   …