बिहार बंद के दौरान दरभंगा में कांग्रेस नेता डॉ. जमाल हसन के नेतृत्व में बड़ा विरोध प्रदर्शन

INDIA गठबंधन द्वारा आयोजित बिहार बंद के तहत दरभंगा में एक अहम विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के अल्पसंख्यक विभाग के नेशनल कोऑर्डिनेटर डॉ. जमाल हसन के नेतृत्व में दरभंगा रेलवे स्टेशन पर बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस के आगे पटरी पर लेट कर विरोध दर्ज कराया गया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने पानी टंकी,पंसारी पेट्रोल पंप के पास मुख्य सड़क को जाम कर जन आक्रोश का प्रदर्शन किया।
इस विरोध के माध्यम से विपक्ष ने निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। मीडिया से बातचीत में डॉ. जमाल हसन ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग भाजपा सरकार की कठपुतली बन चुका है। उन्होंने कहा कि बिहार की डबल इंजन सरकार को इस बात का डर सता रहा है कि आने वाले चुनावों में उनकी सत्ता छिनने वाली है, इसलिए योजनाबद्ध तरीके से करोड़ों लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं।
डॉ. हसन ने दावा किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा किया जा रहा मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक साजिश है, जिसके तहत लगभग 7 से 8 करोड़ आम नागरिकों को मतदान के अधिकार से वंचित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला करार देते हुए कहा कि यह “हिटलरशाही” अब नहीं चलेगी और जनता अब जाग चुकी है।
प्रदर्शन के दौरान डॉ. हसन ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और आम जनता को परेशान करना अब उसकी आदत बन चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी तानाशाही प्रवृत्ति बंद नहीं हुई, तो जनता सड़कों पर उतरकर इसका करारा जवाब देगी।
इस बिहार बंद के दौरान दरभंगा में प्रशासन भी सतर्क नजर आया, हालांकि किसी बड़ी हिंसा की सूचना नहीं मिली। कांग्रेस और INDIA गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी, लेकिन सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ तीखा रोष जाहिर किया।
डॉ. जमाल हसन ने अंत में कहा कि यह आंदोलन सिर्फ एक शुरुआत है। अगर सरकार और आयोग ने अपने फैसलों पर पुनर्विचार नहीं किया, तो पूरे देश में बड़ा जनांदोलन खड़ा किया जाएगा। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के लिए जागरूक रहें और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आएं।
इस बंदी में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन NSUI दिलखुश कुमार, मो० नसरूल्लाह, ओमप्रकाश पासवान, मो०अफसार, मो० तल्हा ताबिश, दीपक कुमार, मो० नूर, मो०अली अकबर, रिज़वान अंसारी , मो०अशफाक, ग़ुलाम अकबर, तमन्ना, रणजीत कुमार, मन्नू राम, सुजीत कुमार, इमरान कुरैशी, भोला कुमार, राजू कुमार, राजा रॉय, कैंसर खान, मोदीलाल चौरसिया सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal